Punjab: सरपंच हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; DGP गौरव यादव की सख्त चेतावनी – अपराधी कहीं भी छिपे हों, बच नहीं पाएंगे

Punjab: पंजाब पुलिस ने अमृतसर में हुए सनसनीखेज सरपंच जरमल सिंह हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह सरपंच आम आदमी पार्टी (AAP) से समर्थित थे। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या विदेश में बैठे गैंगस्टर हैंडलर्स के इशारे पर करवाई गई थी।
छत्तीसगढ़, तरनतारन और मोहाली से दबोचे गए आरोपी
DGP गौरव यादव के अनुसार, इस केस में शामिल दो मुख्य शूटरों को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया गया है, जबकि साजिश में शामिल पांच अन्य आरोपियों को तरनतारन और मोहाली से पकड़ा गया। दोनों शूटरों को 14 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
शादी समारोह में मारी गई थी सरपंच को गोली
यह दिल दहला देने वाली घटना 4 जनवरी को अमृतसर स्थित मैरी गोल्ड रिसॉर्ट (मैरिज पैलेस) में हुई थी। सरपंच जरमल सिंह एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। CCTV फुटेज में साफ दिखाई देता है कि दो हमलावर बिना चेहरा ढके, बेहद बेखौफ अंदाज में सरपंच की टेबल तक पहुंचे। एक शूटर ने बहुत नजदीक से उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सरपंच वहीं गिर पड़े। आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर रची गई साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की साजिश विदेश में बैठे अपराधी नेटवर्क द्वारा रची गई थी। पंजाब पुलिस की कई टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इस केस को सुलझाया। इस जांच में केंद्रीय एजेंसियों, महाराष्ट्र पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस का भी अहम सहयोग रहा।
DGP गौरव यादव की गैंगस्टरों को खुली चेतावनी
DGP गौरव यादव ने साफ शब्दों में कहा, “पंजाब में अपराध कर देश या विदेश के किसी भी कोने में जाकर छिपने वालों को पंजाब पुलिस ढूंढ निकालेगी और कड़ी सजा दिलवाएगी।” उन्होंने दावा किया कि 2025 में अब तक सभी बड़े आपराधिक मामलों को पुलिस ने ट्रेस कर लिया है और आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पूछताछ में उजागर होगा पूरा नेटवर्क
गिरफ्तार सातों आरोपियों को 22 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान विदेशी हैंडलर्स,फंडिंग चैन,हथियारों की सप्लाई और अन्य शामिल आरोपियों को लेकर अहम जानकारियां सामने आएंगी।






