Chhath Puja Ambala: छठ पर्व पर अनिल विज की बड़ी घोषणा — बनवाएंगे पक्का तालाब

Chhath Puja Ambala : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने रविवार देर शाम अंबाला छावनी के टांगरी बांध के निकट चंद्ररूप नगर में आयोजित छठ पर्व कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और मिथिलांचल नवयुवक सेवा समिति द्वारा पक्का तालाब बनाने की मांग पर अपने स्वैच्छिक कोष से पक्का तालाब निर्माण की घोषणा की।
श्रद्धा और आस्था का पर्व
अनिल विज ने कहा कि छठ पर्व कोई एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि तीन से चार दिनों तक चलने वाला धार्मिक पर्व है, जिसमें व्रत, अनुष्ठान और सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाती है।
उन्होंने कहा, “लोग सारा साल इस पर्व का इंतजार करते हैं और जिस श्रद्धा से यह पर्व मनाया जाता है, वह वाकई अनुकरणीय है।”
तालाब निर्माण की घोषणा
मंत्री विज ने मंच से घोषणा करते हुए कहा —समाज के लोग जहां भी छठ पूजा के लिए तालाब की जगह तय कर लें, मैं अपने स्वैच्छिक कोष से वहां पक्का तालाब बनवाऊंगा। इसके लिए आवश्यक राशि प्रदान की जाएगी।”
उनकी इस घोषणा से उपस्थित श्रद्धालु उत्साहित हो उठे और ‘अनिल विज जिंदाबाद’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
समिति ने किया सम्मानित
इस अवसर पर समिति सदस्यों ने मंत्री अनिल विज का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में समिति के प्रमुख सदस्य रवि जाट, बिपिन, अशोक, लक्ष्मी, अरुण यादव, पंकज, भगवानदास, राजकुमार, बालेश्वर साहनी, जितेंद्र साहनी, संजय समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इसके अलावा भाजपा नेता प्रवेश शर्मा, संजीव अत्री, सोमनाथ, राजीव डिम्पल, नरेंद्र राणा, मदनलाल शर्मा, विजेंद्र चौहान, गौरव सैनी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।






