स्वस्थ लोकतंत्र के लिए पत्रकारों की स्वतंत्रता जरूरी, मीडिया कमजोर हुआ तो डगमगाएगा लोकतंत्र: अनिल विज

अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए पत्रकारों की स्वतंत्रता अति आवश्यक है, क्योंकि लोकतंत्र के चार स्तंभों—विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और मीडिया—में से यदि एक भी स्तंभ कमजोर होता है तो पूरा लोकतंत्र डगमगा जाता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार आज के दौर में सीसीटीवी की तरह होने चाहिए, जो समाज की हर गतिविधि पर नजर रखते हुए सरकार तक सच्चाई पहुंचाएं और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक निष्पक्ष रूप से पहुंचाने का काम करें।
मंत्री अनिल विज अंबाला के किंगफिशर पर्यटन स्थल पर मीडिया वैल बिंग एसोसिएशन (Media Wellbeing Association ) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों के कल्याण हेतु अपने ऐच्छिक कोष से 31 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मीडिया समाज का दर्पण, सरकार और जनता के बीच सेतु: विज
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मीडिया समाज का दर्पण है और सरकार व जनता के बीच एक मजबूत कड़ी की भूमिका निभाता है। मीडिया जनता की आवाज को सरकार तक और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आपातकाल तक पत्रकारिता ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई है।
डिजिटल क्रांति ने पत्रकारिता को नई रफ्तार दी
मंत्री अनिल विज ने कहा कि डिजिटल क्रांति ने पत्रकारिता को सशक्त बनाया है और आज पत्रकारिता ब्रेकिंग न्यूज़ के युग में जी रही है। इंटरनेट और स्मार्टफोन ने पत्रकारिता को ड्राइंग रूम से निकालकर हर व्यक्ति की हथेली तक पहुंचा दिया है। अब कोई भी घटना कुछ ही सेकेंड में देश-विदेश तक पहुंच जाती है। हालांकि उन्होंने फेक न्यूज, पेड न्यूज और क्लिकबेट पत्रकारिता पर चिंता जताते हुए कहा कि ये पत्रकारिता की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रही हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पत्रकारों को नई तकनीकों और नवाचारों को अपनाना होगा। जिस प्रकार सरकारी विभागों में कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है, उसी तरह पत्रकारिता में भी तकनीकी प्रशिक्षण जरूरी है। अनुभवी पत्रकारों को नई पीढ़ी को मार्गदर्शन देना चाहिए, जिससे पत्रकारिता और मजबूत होगी।
पंजाब में प्रेस पर हमले निंदनीय, देशभर में होनी चाहिए निंदा
मंत्री अनिल विज ने कहा कि हाल ही में पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा प्रेस की स्वतंत्रता पर किए गए हमले निंदनीय हैं और इसकी देशभर में निंदा होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई सरकार मीडिया पर प्रहार करने से पहले सौ बार सोचे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ किया गया खिलवाड़ ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकता।
पत्रकारों के हितों के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री अनिल विज ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा पत्रकारों के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, जिनमें—₹15,000 मासिक पेंशन,4000 किलोमीटर निशुल्क बस यात्रा,एक्सीडेंट इंश्योरेंस पॉलिसी शामिल हैं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पत्रकारों के लिए अलग बजट हेड होना चाहिए।
पत्रकारों की मांगों पर होगी बैठक
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए—रोडवेज बसों में दो सीटें आरक्षित करने,ग्रीन बसों में यात्रा सुविधा,वातानुकूलित बसों में यात्रा की अनुमति जैसी मांगें रखीं। मंत्री ने आश्वासन दिया कि इन मांगों पर परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई गई है और जल्द निर्णय लिया जाएगा।
पत्रकारों को पॉलिसी प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान
इस अवसर पर पत्रकारों को एक्सीडेंट पॉलिसी के प्रमाण पत्र एवं उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंत्री को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मंत्री अनिल विज ने कहा कि वे हमेशा पत्रकारों के साथ खड़े रहेंगे।
बैंकिंग प्रणाली से जीवन हुआ आसान
ऊर्जा मंत्री ने बैंकिंग क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि तकनीक से नौकरियां खत्म नहीं होतीं, बल्कि काम आसान होता है। आज बैंकिंग प्रणाली से घर बैठे बिल भुगतान जैसी सुविधाएं संभव हो पाई हैं, जो डिजिटल प्रगति का उदाहरण हैं।
कार्यक्रम में रहे प्रमुख लोग उपस्थित
इस अवसर पर मीडिया वैल बिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरनी, द ट्रिब्यून हिंदी के संपादक नरेश कौशल, प्रधान राजीव ऋषि, कोषाध्यक्ष तरुण कपूर, संगठन सचिव मेवा सिंह, नरेश उप्पल, सुरेंद्र मेहता सहित प्रदेशभर से आए पत्रकार उपस्थित रहे।






