डॉक्टर हड़ताल पर, सरकार सख्ती में! हरियाणा कैबिनेट के 5 बड़े फैसले पढ़ें एक क्लिक में!

Haryana Cabinet : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा कैबिनेट की बैठक हुई। कैबिनेट की बैठक में शीतकालीन सत्र की तारीख पर मुहर लगा दी गई है। शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर को शुरू होगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक सत्र 18, 19 और 22 दिसंबर का रहेगा। सत्र की अवधि का अंतिम फैसला बीएसी में होगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
डॉक्टरों की हड़ताल पर सरकार गंभीर
प्रदेश के एचसीएमएस डॉक्टरों द्वारा 48 घंटे के सामूहिक अवकाश पर जाने के बारे में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि डॉक्टरों को भगवान की संज्ञा दी जाती है। यह मानवता की सेवा का पेशा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी डॉक्टरों की कई मांगें सरकार द्वारा पूरी की गई हैं। वर्तमान में हमारे मंत्रीगण और अधिकारीगण उनसे बातचीत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 20 दिसंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह हरियाणा आ रहे हैं, वह पंचकूला में पुलिस की पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेंगे।
17 गांवों की तहसील बदली
मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक की जानकारी देते हुए कहा है कि 6 जिलों के 17 गांवों की तहसील बदली गई है। जनप्रतिनिधियों की मांग पर नागरिकों को जमीनी स्तर पर बेहतर सेवाएं देने के लिए ये फैसला लिया गया है। सरकार ने पहले ही इसे लेकर एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया था। कमेटी ने सभी मानकों पर विचार करके गांवों को एक तहसील से दूसरी तहसील में बदलने की अनुशंसा दी थी।
एचपीएससी पूरी तरह दबावमुक्त
एचपीएससी द्वारा अंग्रेज़ी विषय के सहायक प्रोफेसर की भर्ती में कम पास हुए अभ्यर्थियों से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा का परिणाम कट-ऑफ लिस्ट के अनुसार ही जारी किया गया है। यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की शंका है तो वह एचपीएससी से जानकारी लेकर अपने परिणाम की जांच करा सकता है। एचपीएससी एक स्वतंत्र संस्था है जो बिना किसी दबाव के कार्य करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का एजेंडा जीरो टॉलरेंस है, न पहले किसी प्रकार की गड़बड़ी मिली है, न आगे मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यूपीएससी में हरियाणा के 58 बच्चे चयनित हुए हैं। आज हरियाणा के होनहार बच्चे उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में भी चयनित हो रहे हैं, क्योंकि कोई भी अभ्यर्थी कहीं से भी आवेदन कर सकता है।
मुख्यमंत्री ने CET पास अभ्यर्थियों को दी बधाई
आगामी भर्ती कार्यक्रम को लेकर पूछे गए एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन द्वारा CET परीक्षा का परिणाम जारी किया गया है। उन्होंने सभी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा कि हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन भी एक स्वतंत्र संस्था है, जो अपना भर्ती कैलेंडर स्वयं जारी करती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल और अतिरिक्त निदेशक (प्रेस) डॉ साहब राम गोदारा भी उपस्थित थे।






