हरियाणा IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस: कल चंडीगढ़ में महापंचायत, CM बोले- दोषियों को नहीं बख्शेंगे

चंडीगढ़ | 11 अक्टूबर 2025 – हरियाणा के सीनियर IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने राज्य में बड़ा राजनीतिक और सामाजिक तूफान खड़ा कर दिया है। पोस्टमॉर्टम को लेकर चल रहे विवाद के बीच मृतक के परिजनों और अनुसूचित समाज की 31 सदस्यीय कमेटी ने कल दोपहर 2 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित गुरु रविदास गुरुद्वारे में महापंचायत बुलाने का ऐलान किया है।
परिवार ने पोस्टमॉर्टम से इनकार किया, DGP और SP की गिरफ्तारी की मांग
पूरन कुमार के परिजन और समाज का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक साजिश है। उनका कहना है कि जब तक हरियाणा के DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक के पूर्व SP नरेंद्र बिजारणिया को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे पोस्टमॉर्टम की इजाजत नहीं देंगे।
शनिवार को पोस्टमॉर्टम के लिए PGI चंडीगढ़ में डॉक्टर्स और फोरेंसिक टीम पहुंची, लेकिन परिवार के किसी सदस्य की मौजूदगी न होने के कारण प्रक्रिया नहीं हो सकी।
मुख्यमंत्री का बड़ा बयान: दोषी कितना भी प्रभावशाली हो, बख्शेंगे नहीं
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सरकार निष्पक्ष जांच कराएगी। दोषी चाहे कितना भी बड़ा या प्रभावशाली क्यों न हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा।” मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि यदि किसी अधिकारी ने पूरन कुमार को प्रताड़ित किया है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी।







