Haryana: पंचकूला में HPSC के खिलाफ प्रदर्शन तेज, युवा कांग्रेस ने संभाला मोर्चा

पंचकूला (उमंग श्योराण) । हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की कथित अनियमितताओं के खिलाफ पंचकूला में चल रहे अभ्यार्थियों के आंदोलन को अब सियासी समर्थन मिल गया है। हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस खुलकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यार्थियों के समर्थन में उतर आई है।
हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पंचकूला पहुँचकर धरनारत अभ्यार्थियों से मुलाकात की और उनकी मांगों को जायज़ बताते हुए सरकार और HPSC पर गंभीर सवाल खड़े किए।
35% क्राइटेरिया पर सीधा हमला
निशित कटारिया ने HPSC द्वारा लागू किए गए 35% क्राइटेरिया को आरक्षित वर्गों के अधिकारों पर सीधा कुठाराघात बताया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था BC-A, BC-B, SC, DSC और EWS वर्ग के अभ्यार्थियों के साथ अन्याय है और इसका सबसे ज्यादा नुकसान मेहनती युवाओं को उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में अपारदर्शिता है और इसी वजह से योग्य उम्मीदवारों का भविष्य अधर में लटक रहा है।
सरकार से तीन बड़ी मांगें
युवा कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से साफ शब्दों में मांग की—
- 35% क्राइटेरिया को तत्काल खत्म किया जाए
- भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए
- सभी रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरा जाए
संघर्ष जारी रहेगा
धरनारत अभ्यार्थियों को संबोधित करते हुए निशित कटारिया ने कहा कि हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस उनकी जायज़ मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है। जब तक अभ्यार्थियों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।






