विपक्ष घुसपैठियों का सबसे बड़ा हिमायती: ममता, राहुल और तेजस्वी देशहित के खिलाफ राजनीति कर रहे — अनिल विज

चंडीगढ़, 21 नवंबर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने विपक्ष के तीन प्रमुख नेताओं— ममता बनर्जी, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव—पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ये सभी नेता घुसपैठियों के सबसे बड़े हिमायती बन चुके हैं और देशहित के खिलाफ राजनीति कर रहे हैं।
विज ने आरोप लगाया कि ये नेता घुसपैठियों के राशन कार्ड और वोट बनवाने की पैरवी करते हैं, जो देश की सुरक्षा और संप्रभुता के खिलाफ सीधी चोट है।
“राहुल गांधी फेल होने पर बहाने ढूंढते हैं” — विज का तंज
कांग्रेस की दिल्ली बैठक में राहुल गांधी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा “जैसे परीक्षा में फेल बच्चा कहता है कि कुर्सी टूट गई, स्याही गिर गई, कलम टूट गई… राहुल गांधी भी हर बार ऐसी ही बहानेबाज़ी करते हैं। विज के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व अपनी हार का वास्तविक कारण स्वीकारने को तैयार ही नहीं है।
बिहार चुनाव: धांधली के आरोप बेबुनियाद — विज
बिहार चुनावों को लेकर विपक्षी दलों द्वारा धांधली के लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए विज ने कहा “जब तक पोलिंग एजेंट लिखित शिकायत न दें, सिर्फ बयानों और शोर मचाने से धांधली सिद्ध नहीं होती। यह सिर्फ माहौल बनाने की कोशिश है।”
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी है और बिना सबूत के बयान देना जनता को गुमराह करना है।
प्रशांत किशोर पर हमला — “न सीट जीती, न आधार… फिर भी बड़े-बड़े बयान”
चुनावी रणनीतिकार व राजनेता प्रशांत किशोर के बयान को— ‘बिहार में लोकतंत्र के साथ अन्याय हुआ’ —खारिज करते हुए विज ने कहा “प्रशांत किशोर की न अपनी सीट आई, न उनकी पार्टी की… ऐसे में वह किस आधार पर इतना बड़ा दावा कर रहे हैं? इन्हें राजनीति छोड़कर कुछ और काम करना चाहिए।”
‘वोट चोर’ वाले बयान पर पलटवार
पंजाब कांग्रेस नेता बंडीग के बयान—“वोट चोर-गद्दी छोड़”—पर विज ने कहा कि पहले यह पता किया जाए कि नकली वोट बनाता कौन है और यह किसके पक्ष में पड़ते हैं।
उन्होंने कहा “इनके एजेंटों ने आपत्ति क्यों नहीं उठाई? इनके विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई? दरअसल जाली वोटों की राजनीति की परंपरा कांग्रेस की पुरानी है।”






