PU में फिर प्रदर्शन की तैयारी: 26 नवंबर को बंद होगी यूनिवर्सिटी, BJP कार्यालयों के घेराव का भी ऐलान

PU Chandigarh : पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ बचाओ मोर्चा ने 26 नवंबर 2025 को यूनिवर्सिटी बंद कर बड़े प्रदर्शन का एलान कर दिया है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश और जिला कार्यालयों के घेराव की भी घोषणा की गई है, जिसकी तारीख बाद में घोषित होगी। यह फैसला मोर्चा और पंजाब के विभिन्न संगठनों की लगभग तीन घंटे चली बैठक के बाद लिया गया।
बैठक के बाद मोर्चा के सदस्य प्रभजोत सिंह ने बताया कि पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 25 नवंबर तक सीनेट चुनाव की तारीख घोषित करने के लिए समय मांगा था। यदि इस समय सीमा तक घोषणा नहीं होती, तो 26 नवंबर को प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें कक्षाएं बंद करने और एकेडमिक ब्लॉक में काम रोकने की तैयारी शामिल है।
20 दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन
28 अक्टूबर 2025 को केंद्र सरकार द्वारा सीनेट और सिंडिकेट भंग करने के फैसले के बाद 30 अक्टूबर से ही छात्र संगठनों का बड़े स्तर पर आंदोलन चल रहा है। 10 नवंबर को पंजाब के विभिन्न संगठनों का बड़ा इकठ पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में किया जा चुका है।
चुनाव शेड्यूल उपराष्ट्रपति को भेजा जा चुका
वाइस चांसलर रेनू विज सीनेट चुनाव का शेड्यूल राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेज चुकी हैं। मोर्चा और यूनिवर्सिटी के बीच बनी कमेटी लगातार बैठकें कर रही है और मोर्चा ने 25 नवंबर तक लिखित रूप में चुनाव तारीख घोषित करने की मांग की है।






