Sunetra Pawar Deputy CM : सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री, लोकभवन में ली शपथ

Sunetra Pawar Deputy CM : महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज हुआ, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की वरिष्ठ नेता और विधायक दल की नेता सुनेत्रा पवार ने राज्य की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनी हैं। शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के लोकभवन में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भावुक माहौल में हुआ शपथ ग्रहण
शपथ समारोह के दौरान माहौल भावुक नजर आया। दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार को याद करते हुए कार्यकर्ताओं ने “अजित दादा अमर रहें” के नारे लगाए। सुनेत्रा पवार ने शपथ लेते समय भावनाओं पर नियंत्रण रखते हुए नए दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
एनसीपी विधायक दल ने सर्वसम्मति से चुना नेता
अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच एनसीपी विधायक दल ने सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार को अपना नेता चुना। इसके बाद उनके उपमुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। शपथ लेने से पहले सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देकर संवैधानिक प्रक्रिया पूरी की।
पार्टी और सरकार से जुड़ी उम्मीदें
सुनेत्रा पवार के कार्यकाल से एनसीपी को स्थिर और मजबूत नेतृत्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके नेतृत्व में पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।
अजित पवार के सपनों को पूरा करूंगी” – सुनेत्रा पवार
शपथ ग्रहण के बाद अपने पहले बयान में सुनेत्रा पवार ने कहा— “मैं स्वर्गीय अजित पवार के सपनों और उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए पूरी ईमानदारी और ताकत से काम करूंगी। जनता की सेवा और महाराष्ट्र के विकास को मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।”
इस ऐतिहासिक नियुक्ति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने सुनेत्रा पवार को बधाई दी।
राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से अहम कदम
सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री बनना महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी के लिहाज़ से बेहद अहम माना जा रहा है, खासकर महाराष्ट्र जैसे बड़े और प्रभावशाली राज्य में। अजित पवार के निधन के बाद पार्टी को नई दिशा देने की जिम्मेदारी अब सुनेत्रा पवार के कंधों पर है। वह लंबे समय से पार्टी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों से जुड़ी रही हैं, जिससे उन्हें जमीनी स्तर का अच्छा अनुभव है।






