युवा संवाद में चंडीगढ़ मेयर सौरभ जोशी की युवाओं से ‘सीधी बात’, बोले- सवाल के साथ समाधान भी दें

चंडीगढ़, 9 सितंबर। शहर के भविष्य और विकास से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से Meeshan Foundation की ओर से ‘युवा संवाद – Mayor Se Seedhi Baat’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेयर सौरभ जोशी ने युवाओं के साथ सीधे संवाद किया और शहर की समस्याओं के साथ-साथ उनके समाधान पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने स्वच्छता, पर्यावरण, सार्वजनिक परिवहन, पौधारोपण, कचरा प्रबंधन और नागरिक भागीदारी जैसे विषयों पर सवाल उठाए। युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए चंडीगढ़ को और बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव भी रखे।
‘सिर्फ सवाल नहीं, समाधान का भी हिस्सा बनें’
मेयर सौरभ जोशी ने युवाओं से अपील की कि वे केवल समस्याओं को सामने रखने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके समाधान का हिस्सा भी बनें। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ केवल प्रशासन या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि शहर के हर नागरिक की इसमें भूमिका है और युवाओं की ऊर्जा शहर के भविष्य को नई दिशा दे सकती है।
मेयर ने युवाओं को जनभागीदारी का मंत्र देते हुए ASK • SHARE • SUGGEST • ACT का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सवाल पूछना जरूरी है, लेकिन सुझाव देना और सकारात्मक बदलाव के लिए खुद कदम उठाना उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है।
Zero-Waste Chandigarh को जन-आंदोलन बनाने पर जोर
कार्यक्रम में Zero-Waste Chandigarh का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मेयर ने कहा कि कचरे को केवल बेकार सामग्री समझने के बजाय उसके उचित प्रबंधन के जरिए संसाधन में बदला जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से घर से ही गीले और सूखे कचरे को अलग करने, Reduce, Reuse और Recycle की आदत अपनाने तथा सिंगल-यूज़ वस्तुओं के इस्तेमाल को कम करने की अपील की।
मेयर ने कहा कि Zero-Waste Chandigarh का लक्ष्य केवल नगर निगम के प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए हर घर और हर युवा को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अभियान में भाग लेना होगा।
जन्मदिन पर पौधा लगाने का दिया संदेश
पर्यावरण संरक्षण को लेकर मेयर ने युवाओं के सामने ‘Green Birthday Challenge’ भी रखा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाएं और केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उसकी देखभाल कर उसे बड़ा करने की जिम्मेदारी भी उठाएं।
इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने और शहर के सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने की अपील की।
युवाओं की भागीदारी से बनेगा बेहतर चंडीगढ़
मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि युवाओं की आवाज, विचार और सक्रिय भागीदारी शहर की सबसे बड़ी ताकत बन सकती है। उन्होंने युवाओं से अपने घर, कॉलेज, मोहल्ले और शहर में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत खुद करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजन के लिए मेयर ने Meeshan Foundation की टीम की सराहना की। उन्होंने आयोजकों डॉ. प्रभजोत, सौरव मलिक, RJ मानव और हिमांशी समेत पूरी टीम को युवाओं और शहर के नेतृत्व के बीच सीधा संवाद स्थापित करने वाली इस पहल के लिए बधाई दी।







