
Jhansi Gas Cylinder Theft : इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण गैस सिलेंडर को लेकर देश के कई हिस्सों में अफवाहों का माहौल बन गया है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के Jhansi में 524 एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक की चोरी का मामला सामने आया, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 11 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है।
6 मार्च को गायब हुआ था सिलेंडरों से भरा ट्रक
पुलिस के अनुसार यह ट्रक Bharat Petroleum Corporation Limited से जुड़ा हुआ था और इसे कानपुर देहात में सिलेंडर पहुंचाने के लिए भेजा जाना था। ट्रक चालक ने होली के कारण 2 मार्च को सिलेंडर से भरा ट्रक प्लांट के बाहर खड़ा कर दिया और घर चला गया। इसी दौरान 6 मार्च को चोर ट्रक लेकर फरार हो गए। बाद में खाली ट्रक पारीछा के पास खड़ा मिला, जबकि उसमें मौजूद सभी सिलेंडर गायब थे।
पुलिस जांच में सामने आई पूरी साजिश
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों को जांच में लगाया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में BBGTS Murthy ने बताया कि इस मामले में जावेद, आमिर, रितिक, सुमित, शुभांकर, अभिषेक और सुरेंद्र को गिरफ्तार किया गया है।
ब्लैक मार्केट में बेचने की थी योजना
पुलिस के अनुसार जावेद और रितिक ने सिलेंडर चोरी कर उन्हें ब्लैक में बेचने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने समथर इलाके की शिव एजेंसी के साथ संपर्क किया था। चोरी किए गए सिलेंडरों को उसी एजेंसी के पास भेज दिया गया था, जहां से पुलिस ने सभी सिलेंडर बरामद कर लिए। पुलिस कार्रवाई के दौरान कुल 524 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 389 भरे हुए और 135 खाली सिलेंडर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 लाख रुपये से ज्यादा नकदी भी बरामद की है, जो सिलेंडरों की अवैध बिक्री से जुड़ी बताई जा रही है।
अफवाहों से बढ़ी गैस सिलेंडर की मांग
हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण गैस और पेट्रोलियम उत्पादों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है। कई जगहों पर लोग अतिरिक्त सिलेंडर खरीदकर जमा करने लगे हैं, जिससे ब्लैक मार्केटिंग की आशंका भी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें : –
- कुंभ मेले की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा भोसले ने प्रेमी फुरमान खान से की शादी
- दिल्ली के उत्तम नगर की मछली मंडी में भीषण आग, सैकड़ों झुग्गियां और दुकानें जलकर राख
- केदारनाथ-बदरीनाथ मंदिरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक, चारधाम यात्रा 2026 से पहले बड़ा फैसला
- कॉमर्शियल गैस सिलेंडर संकट: कई राज्यों में सप्लाई ठप, होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर






