CM भगवंत मान से अस्पताल में मिले मनीष सिसोदिया: सेहत में सुधार, कल तक डिस्चार्ज की उम्मीद

Bhagwant Mann Health : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इन दिनों मोहाली के फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती हैं। उनसे मिलने आज आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रभारी मनीष सिसोदिया पहुंचे।अस्पताल से बाहर निकलते हुए मीडिया से बातचीत में सिसोदिया ने बताया कि सीएम की तबीयत में पहले से काफी सुधार है।उन्होंने कहा, “सीएम साहब अब ठीक हैं। उनकी सेहत में काफी सुधार है।”
कब तक अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है?
जब पत्रकारों ने पूछा कि मुख्यमंत्री को कब तक अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है, तो सिसोदिया ने कहा—“मेरी अभी तक डॉक्टरों से बात नहीं हुई है, इसलिए अभी कुछ कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा मुझे लगता है कि कल तक डिस्चार्ज हो जाएं।”हालांकि फोर्टिस अस्पताल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
बठिंडा में किसान-पुलिस झड़प पर क्या बोले?
मीडिया ने बठिंडा में किसानों और पुलिस के बीच झड़प तथा आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल किया। इस पर सिसोदिया ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। कैबिनेट विस्तार और डिप्टी सीएम पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने टिप्पणी करने से परहेज किया और साथ ही भारत मंडपम में चल रहे एआई समिट को लेकर कहा कि पूरे देश में मजाक बन रहा है।”
“मैं सिर्फ हालचाल पूछने आया था”
पत्रकारों ने पूछा कि चीफ सेक्रेटरी के.ए.पी. सिन्हा भी अस्पताल पहुंचे थे और क्या कोई बैठक हुई थी? इस पर सिसोदिया ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भगवंत मान मेरे दोस्त हैं मैं हालचाल पूछने आया था।
15 फरवरी को संगरूर में बिगड़ी थी तबीयत
15 फरवरी को शिवरात्रि के दिन सीएम भगवंत मान संगरूर के धूरी स्थित श्री रणकेश्वर महादेव शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इस दौरान अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी उनके साथ मौजूद थे। तीनों नेताओं ने मंदिर में हवन-यज्ञ और पूजा-पाठ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनका संगरूर के बाद फाजिल्का दौरा प्रस्तावित था, जिसे रद्द कर दिया गया। तत्पश्चात उन्हें तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। हालांकि 16 फरवरी को वे मोगा में एक रैली में शामिल हुए, लेकिन उसके बाद दोबारा स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अस्पताल में भर्ती हुए।
फोर्टिस अस्पताल को मिली थी बम से उड़ाने की धमकी
17 फरवरी को फोर्टिस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया था। यह धमकी एक स्कूल की ईमेल आईडी पर आई थी, जिसमें अस्पताल का जिक्र किया गया था। एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह ने मीडिया को बताया कि एहतियात के तौर पर आसपास के स्कूलों और अस्पताल परिसर की गहन जांच की गई। जांच में यह ईमेल फर्जी पाई गई और किसी प्रकार का खतरा नहीं मिला।
यह भी पढ़ें : –Punjab Politics : कादियां रैली पंजाब के लिए नहीं, सुखबीर को…





