राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस का बड़ा एक्शन, हरियाणा के 5 विधायक निलंबित


Haryana Congress MLAs suspended : हरियाणा की राजनीति में राज्यसभा चुनाव के बाद बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस पार्टी ने कथित क्रॉस वोटिंग के आरोप में अपने पांच विधायकों को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पार्टी अनुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किन विधायकों पर गिरी गाज
निलंबन की कार्रवाई जिन विधायकों पर हुई है, उनमें शैली चौधरी (नारायणगढ़),रेणु बाला (सढौरा),मोहम्मद इलियास (पुन्हाना),मोहम्मद इसराइल (हथीन),जरनैल सिंह (रतिया) शामिल हैं। इन सभी पर राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी के आधिकारिक रुख के खिलाफ मतदान करने का आरोप है।
हाईकमान की मंजूरी के बाद फैसला
यह निर्णय राज्य अनुशासन समिति (DAC) की सिफारिश के बाद लिया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी मिलने के बाद ही कार्रवाई को अंतिम रूप दिया गया।
विधायकों की प्रतिक्रिया
निलंबन के बाद अलग-अलग विधायकों की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
- शैली चौधरी ने कहा कि उन्हें अभी इस फैसले की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
- जरनैल सिंह ने इसे एकतरफा कार्रवाई बताते हुए हाईकमान से मिलकर अपनी बात रखने की बात कही।
- वहीं मोहम्मद इसराइल और मोहम्मद इलियास ने पार्टी के फैसले को स्वीकार करने की बात कही।
- रेणु बाला से पारिवारिक व्यस्तता के चलते संपर्क नहीं हो सका।
एक्सपर्ट व्यू: विधायक पद पर नहीं पड़ेगा असर
कानूनी विशेषज्ञ हेमंत कुमार के अनुसार, पार्टी द्वारा निलंबन का सीधा असर विधायकों की सदस्यता पर नहीं पड़ेगा। यानी सभी विधायक अपने पद पर बने रहेंगे।
हालांकि, यदि विधानसभा में किसी महत्वपूर्ण मुद्दे पर पार्टी व्हिप जारी होता है, तो निलंबित विधायक भी उसका पालन करने के लिए बाध्य होंगे। आमतौर पर ऐसे विधायकों को पार्टी बैठकों से दूर रखा जाता है, लेकिन वे तकनीकी रूप से कांग्रेस विधायक ही माने जाते हैं।
भूपेंद्र हुड्डा का समर्थन
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि यह पार्टी नेतृत्व का सही कदम है। उन्होंने बताया कि विधायकों को निलंबित करने की सिफारिश पहले ही विधायक दल की बैठक में की गई थी, जिस पर हाईकमान ने मुहर लगाई।
क्या है क्रॉस वोटिंग विवाद?
राज्यसभा चुनावों में राजनीतिक दल अपने विधायकों को पार्टी लाइन के अनुसार मतदान करने का निर्देश देते हैं। जब कोई विधायक इस निर्देश के विपरीत वोट करता है, तो इसे क्रॉस वोटिंग कहा जाता है। इसे पार्टी अनुशासन का उल्लंघन माना जाता है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।
Haryana Census 2027 : हरियाणा में जनगणना 2027 की प्रक्रिया को औपचारिक रूप से शुरू करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं ऑनलाइन सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर एक नई डिजिटल पहल की शुरुआत की। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें







