Chandigarh में इंटर-स्टेट ड्रग नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई: 12 तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों की कोकीन-हीरोइन बरामद

Chandigarh पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े इंटर-स्टेट ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 12 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे कुल मिलाकर 8.15 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं, जिनमें 1.2 किलो कोकीन, 476 ग्राम हेरोइन और 2.01 ग्राम आइस शामिल है। साथ ही 26 लाख रुपए कैश, सोना-चांदी, 5 लग्जरी गाड़ियां, 6 QR स्कैनर और नोट काउंटिंग मशीन भी कब्जे में ली गई है।
डीएसपी क्राइम धीरज कुमार की सुपरविजन में इंस्पेक्टर सतविंदर और उनकी टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई ने चंडीगढ़ में फैले एक बड़े ड्रग सप्लाई नेटवर्क को उजागर किया है, जिसके तार सीधे दिल्ली तक जुड़े हुए मिले।
पहला केस: 6 तस्कर, दिल्ली कनेक्शन उजागर
7 नवंबर को सीक्रेट इनपुट पर क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-40 से अश्वनी उर्फ आशू को पकड़ा। उसके पास से 47.80 ग्राम हेरोइन मिली। पूछताछ के बाद सोनू उर्फ कालू उर्फ डॉन और सलमान उर्फ मुन्ना भी गिरफ्त में आए, जिनके कब्जे से हेरोइन व आइस बरामद हुई।
फिर पुलिस ने सुनील उर्फ दर्जी और अनूप को पकड़ा। इसी अनूप की निशानदेही पर पुलिस दिल्ली के हिमगिरि एनक्लेव, न्यू बुराड़ी पहुंची, जहां से बड़ा पकड़ा हुआ तस्कर बंटी गिरफ्तार किया गया।
बंटी के घर से मिली बरामदगी चौंकाने वाली थी—523 ग्राम कोकीन, 20.64 लाख कैश, सोना-चांदी और बड़ी मात्रा में ड्रग्स पैकिंग सामग्री। जांच में कुल 1.013 किलो कोकीन तक पहुँची।
बंटी के लिंक उत्तम नगर के सनी और दिल्ली में सक्रिय अफ़्रीकी ड्रग तस्करों से जुड़े मिले।
दूसरा केस: 6 और गिरफ्तार, हाई-टेक ड्रग डिलीवरी मॉडल उजागर
19 नवंबर को सेक्टर-25 के राहुल और डड्डूमाजरा के अरुण को पकड़ा गया। इनके पास से 146.36 ग्राम कोकीन मिली। आगे की कार्रवाई में इंद्रजीत, टिंकू, आकाश और होशियारपुर (पंजाब) के विशाल को गिरफ्तार किया गया।
इस गैंग से 184 ग्राम कोकीन, 279 ग्राम हेरोइन, 5 लाख रुपए नकद, गाड़ियां, सोना-चांदी और नोट काउंटिंग मशीन बरामद हुई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह गैंग “लोकेशन पर ड्रॉप मॉडल” पर काम कर रहा था—
-
राहुल और आकाश लोकेशन शेयर कर माइलस्टोन पर ड्रग्स छोड़ देते थे
-
ग्राहक बिना आमने-सामने मिले ड्रग्स उठा लेते थे
-
मुख्य हैंडलर अरुण कई बैंक अकाउंट्स के जरिए पैसा घुमाता था
दिल्ली से चंडीगढ़ तक फैला हाई-प्रोफाइल नेटवर्क
जांच में सामने आया कि दोनों गिरोह दिल्ली से कोकीन खरीदकर चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते थे। कई आरोपी लंबे समय से ड्रग्स की हाई-एंड सप्लाई चैन का हिस्सा थे।
पुलिस का दावा: जल्द होंगे और बड़े खुलासे
क्राइम ब्रांच का कहना है कि यह नेटवर्क बहुत फैल चुका है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियों की संभावना है। कई बैंक अकाउंट्स, डिजिटल ट्रांजैक्शन, QR स्कैनर और सप्लाई चैन की जांच जारी है।






