Breaking NewsNational

बेंगलुरु में श्री श्री रवि शंकर से मिले CM भगवंत मान, केजरीवाल-सिसोदिया भी रहे साथ

बेंगलुरु: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर से मुलाकात की। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान समाज कल्याण, शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, शांति और सामाजिक भाईचारे जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने पंजाब के साथ-साथ पूरे देश की तरक्की, खुशहाली और शांति की कामना भी की।

समाज और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

बैठक में समाज को सकारात्मक दिशा देने और लोगों के बीच आपसी भाईचारा मजबूत करने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के साथ मानसिक शांति और सामाजिक कल्याण को भी चर्चा का अहम हिस्सा बताया गया।

मान की श्री श्री रवि शंकर के साथ यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब पंजाब में युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने जैसे मुद्दे लगातार चर्चा में हैं।

पंजाब से रहा है श्री श्री रवि शंकर का पुराना जुड़ाव

श्री श्री रवि शंकर का पंजाब के साथ लंबे समय से संबंध रहा है। नवंबर 2025 में पंजाब सरकार के निमंत्रण पर वह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी शताब्दी समारोह के तहत आयोजित सर्व धर्म सम्मेलन में शामिल हुए थे।

उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित संत सम्मेलन में हिस्सा लिया था। इसके अलावा लुधियाना, बठिंडा और जालंधर में सत्संग एवं ध्यान कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे।

इन कार्यक्रमों के दौरान युवाओं को नशे से बचाने, किसानों को जैविक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने तथा समाज में शांति और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया था।

पंजाब के 45 से ज्यादा शहरों में आर्ट ऑफ लिविंग के केंद्र

पंजाब में आर्ट ऑफ लिविंग की गतिविधियां कई दशकों से जारी हैं। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और पटियाला समेत राज्य के 45 से अधिक प्रमुख शहरों में संगठन के केंद्र संचालित होने की जानकारी दी गई है।

मोहाली में संगठन का बड़ा परिसर ‘द वेलनेस सिटी’ भी मौजूद है। करीब 20 एकड़ में फैले इस परिसर में आयुर्वेदिक अस्पताल और ध्यान केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

Author

  • अमर सिंह
    संस्थापक एवं एडिटर | Rashtra Khabar News

    अमर सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 19 वर्षों का अनुभव है। वे प्रतिष्ठित समाचार चैनलों में वीडियो जर्नलिस्ट के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे Hindxpress Media House के संस्थापक हैं और Rashtra Khabar News के माध्यम से हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ सहित देशभर की खबरों एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page