Haryana Cabinet : हरियाणा कैबिनेट की बड़ी बैठक आज: कई अहम फैसलों पर लगेगी मुहर, जानें

Haryana Cabinet : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में आज सोमवार को होने वाली कैबिनेट बैठक कई अहम फैसलों का गवाह बनने जा रही है। बैठक में करीब दो दर्जन प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है, जिनका सीधा असर प्रशासनिक ढांचे, पर्यटन परिवहन, विधानसभा सत्र और निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना पर पड़ेगा।
इन जिलों में बदले जा सकते हैं तहसील व उप-तहसील क्षेत्र
हरियाणा सरकार आज उन प्रस्तावों को मंजूरी दे सकती है जिनके तहत महेंद्रगढ़ (नारनौल), रेवाड़ी, यमुनानगर, फरीदाबाद, सिरसा और झज्जर के कई गांव एक तहसील/उप-तहसील से निकालकर दूसरी में शामिल किए जाएंगे।
MLAs के होटल किराये की नई संशोधित दरें हो सकती हैं मंजूर
विभिन्न राज्यों के दौरों के दौरान विधायकों (MLAs) द्वारा लिए जाने वाले निजी आवास (होटल) के किराये की दरों में संशोधन का प्रस्ताव भी आज कैबिनेट के एजेंडा में शामिल है। नई दरें जल्द लागू हो सकती हैं।
विधानसभा विंटर सेशन की तारीख पर बड़ा फैसला
कैबिनेट बैठक में हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र की अंतिम तारीखें तय होने की पूरी संभावना है। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 26 दिसंबर से आरंभ हो सकता है, जो 30 या 31 दिसंबर तक चलने की संभावना है।
कैबिनेट बैठक में हरियाणा मोटर वाहन नियमों में बदलाव होगा। इसके तहत राज्य सरकार पर्यटन परमिटों के अंतर्गत संचालित पर्यटन वाहनों के संचालन की आयु निर्धारित करेगी। इससे सड़क दुर्घटनाएं रोकने में मदद मिलेगी।
Gurugram में खुलेगा नया निजी विश्वविद्यालय
कैबिनेट बैठक में हरियाणा निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2006 में अहम संशोधन भी किया जाएगा। नई मंजूरी के तहत गुरुग्राम के सेक्टर-68 में “डिज़ाइन, इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी” की स्थापना का रास्ता साफ होगा। इससे पहले 2013 में हुड्डा सरकार इसी अधिनियम के तहत 17 निजी विश्वविद्यालयों को मंजूरी दे चुकी है।






