केन्या में बड़ा विमान हादसा! टेकऑफ के कुछ मिनट बाद क्रैश, 12 यात्रियों की मौत की आशंका
केन्या के दक्षिणी तटीय इलाके क्वाले काउंटी में एक छोटा विमान टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया। हादसे में 12 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि बचाव कार्य जारी है।

Kenya Plane Crash: केन्या के खूबसूरत तटीय क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। सोमवार सुबह एक छोटा विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 12 यात्रियों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
यह हादसा क्वाले काउंटी के त्सिम्बा गोलिनी इलाके में हुआ है, जो दियानी एयरस्ट्रिप से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक घने जंगल और पहाड़ी इलाके में है।
घटना सुबह करीब 8 बजे (स्थानीय समयानुसार) हुई, जब विमान ने दियानी एयरस्ट्रिप से मासाई मारा के लिए उड़ान भरी थी। यह एक पर्यटन उड़ान थी जिसमें विदेशी और स्थानीय यात्री सवार थे। लेकिन उड़ान भरने के तुरंत बाद ही पायलट ने ‘मेडे कॉल’ (आपात संकेत) भेजा, जिसके बाद विमान नियंत्रण से बाहर हो गया और जंगल क्षेत्र में क्रैश हो गया।
क्रैश के बाद विमान में आग लग गई, जिससे राहत कार्य और मुश्किल हो गया।
स्थानीय पुलिस कमांडर अब्दुल्लाही अलीयो ने बताया कि राहत दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतें हो रही हैं, क्योंकि इलाका दुर्गम और पहाड़ी है।
केन्या सिविल एविएशन अथॉरिटी (KCAA) ने हादसे की पुष्टि की है और जांच के आदेश दे दिए गए हैं। KCAA के प्रवक्ता ने कहा —“हमारी टीम मौके पर है। प्रारंभिक रिपोर्ट से लगता है कि यह हादसा तकनीकी खराबी या मौसम के कारण हो सकता है।”
राहत कार्य जारी हैं, और अधिकारियों ने मलबे से शवों को निकालने की कोशिश शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।






