दंपत्ति व बेटी से मारपीट मामले में ऊर्जा मंत्री अनिल विज सख्त, एसएचओ से बोले— “लड़कियां शहर में आ-जा न सकें, मैं यह होने नहीं दूंगा”

Haryana News : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला में जनसमस्याएं सुनते समय एक गंभीर मामले पर कठोर रुख अपनाया। कोचिंग से लौट रही एक युवती और उसके परिवार से मारपीट की शिकायत पर मंत्री विज ने अंबाला कैंट थाना एसएचओ को तत्काल तलब कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री विज ने फटकार लगाते हुए कहा— “मेरे शहर में ये नहीं होने दूंगा। लड़कियां शहर में आ-जा न सकें, यह मेरे और तेरे लिए मरना है।”
क्या है पूरा मामला?
अंबाला छावनी हाउसिंग बोर्ड निवासी एक दंपत्ति ने बताया कि उनकी बेटी शाम को कोचिंग सेंटर से लौट रही थी, तभी दो युवक उसका पीछा करने लगे और गाली-गलौच की। लड़की ने तुरंत अपने माता-पिता को फोन किया।
मौके पर परिवार के पहुंचने के बाद युवकों ने परिवार के साथ मारपीट कर दी, जिससे सभी घायल हो गए। परिजनों ने डायल 112 पर फोन किया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए।
अस्पताल में भी धमकियां!
परिवार ने बताया कि मेडिकल करवाने जब वे सिविल अस्पताल पहुंचे, तो करीब 15 युवक वहां भी जुट गए और उन्हें गोलियों से उड़ा देने की धमकी दी।
मंत्री विज ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए
शिकायत सुनते ही अनिल विज ने कैंट थाना एसएचओ को मौके पर बुलाया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






