PM मोदी का छात्रों के नाम देर रात वीडियो संदेश, बोले- पेपर लीक पर होगी और सख्त कार्रवाई; फास्ट ट्रैक कोर्ट का प्रस्ताव तैयार

PM Modi Video Message : देशभर में पेपर लीक के मुद्दे और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देर रात छात्रों के नाम वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी का मामला नहीं, बल्कि लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार इस तरह की घटनाओं के खिलाफ पहले से कार्रवाई कर रही है, लेकिन अब और अधिक सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
’22 लाख छात्रों का साल बचाना सरकार की प्राथमिकता थी’
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना था कि विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष प्रभावित न हो। इसी उद्देश्य से कम समय में लगभग 22 लाख छात्रों की परीक्षाएं दोबारा आयोजित कराई गईं और निर्धारित समय पर परिणाम भी घोषित किए गए। उन्होंने कहा कि देशभर से सफल विद्यार्थियों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं और सरकार छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा की तैयारी
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उन्होंने संबंधित विभागों को पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उनके अनुसार, विभागों ने देर रात तक इस संबंध में मसौदा तैयार कर उन्हें सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था में दोषियों के खिलाफ त्वरित सुनवाई और कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है। इस मसौदे पर कैबिनेट की बैठक में चर्चा की जाएगी और सुझावों के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
संसद में लाने की तैयारी
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार इस प्रस्ताव को जल्द से जल्द संसद में लाने का प्रयास करेगी, ताकि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाई जा सके और पेपर लीक जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उच्च शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव
इसी बीच केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल भी किया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव बनाया गया है।







