राजस्थान बस हादसा: जैसलमेर में चलती बस में आग, 20 यात्रियों की दर्दनाक मौत; राष्ट्रपति मुर्मु और कई नेताओं ने जताया शोक

राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब चलती बस में अचानक आग लग गई। यह घटना जैसलमेर-जोधपुर हाईवे के पास आर्मी स्टेशन के पास हुई। आग की लपटों ने 20 यात्रियों की जान ले ली, जिसमें मौके पर 19 की मौत हुई और एक गंभीर रूप से घायल यात्री जोधपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया।
जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया है और मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच का काम जारी है।
चलती बस में भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक आग की चपेट में आ गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन बस कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जल गई। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
इस हादसे पर देशभर से नेताओं ने शोक व्यक्त किया।
-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लिखा- जैसलमेर में बस में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
-
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा-यह हादसा अत्यंत हृदय विदारक है। दिवंगत आत्माओं को शांति मिले, और परिजनों को ईश्वर शक्ति दें।”
-
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने लिखा- जैसलमेर में बस में आग लगने की दुखद घटना अत्यंत पीड़ादायक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना।”
पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी ने इस हादसे को हृदय विदारक बताया और कहा कि पूरे प्रदेश और देश को यह घटना स्तब्ध कर गई।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
जैसलमेर कलेक्टर प्रताप सिंह नाथावत और एसपी अभिषेक शिवहरे ने घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता और हर संभव मदद देने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए तुरंत कदम उठाए हैं।







