पैसेंजर नहीं, रेलवे अफसर को ही घसीट ले गई RPF! आगरा स्टेशन पर आखिर हुआ क्या? | Viral Video
महिला यात्री की मदद के लिए रोकी गई ट्रेन बनी विवाद की वजह, वायरल वीडियो के बाद रेलवे ने 5 RPF जवानों को किया सस्पेंड

Agra Cantt Viral Video: उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से सामने आए एक वायरल वीडियो ने रेलवे महकमे में हलचल मचा दी है। आमतौर पर यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था संभालने वाली रेलवे सुरक्षा बल (RPF) इस बार खुद विवादों में घिर गई। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट (Dy. SS) के साथ आरपीएफ कर्मियों ने न केवल धक्का-मुक्की की, बल्कि उन्हें सार्वजनिक रूप से पकड़कर घसीटा भी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच आरपीएफ कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
महिला यात्री की मदद के लिए लिया गया फैसला बना विवाद की जड़
जानकारी के अनुसार, विशाखापत्तनम से अमृतसर जा रही हीराकुंड एक्सप्रेस (20808) आगरा कैंट स्टेशन से रवाना हो चुकी थी। इसी दौरान एक महिला यात्री प्लेटफॉर्म पर रह गई, जबकि उसका बच्चा ट्रेन के अंदर था। स्थिति को गंभीर मानते हुए ड्यूटी पर मौजूद डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट नरेंद्र सिंह चाहर ने वायरलेस के माध्यम से ट्रेन मैनेजर को संदेश भेजकर ट्रेन को कुछ समय के लिए रुकवाया, ताकि महिला सुरक्षित अपने बच्चे तक पहुंच सके।
ACP समझने की गलतफहमी से बढ़ा मामला
बताया जा रहा है कि ट्रेन के अचानक रुकने को आरपीएफ कर्मियों ने अलार्म चेन पुलिंग (ACP) का मामला समझ लिया। इसी बात को लेकर रेलवे संचालन विभाग और आरपीएफ के बीच बहस शुरू हुई। डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट का आरोप है कि स्थिति स्पष्ट करने के बावजूद आरपीएफ कर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, उन्हें जमीन पर गिराया और घसीटते हुए ले जाने की कोशिश की। वहीं दूसरी ओर आरपीएफ के एक कांस्टेबल ने भी स्टेशन अधिकारी पर अभद्र भाषा और मारपीट का आरोप लगाया है।
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ आरपीएफ जवान वर्दी में एक रेलवे अधिकारी को पकड़कर ले जाते और उनके साथ धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद अन्य रेलवे कर्मचारी और यात्री भी मौके पर इकट्ठा हो गए। इस घटना के विरोध में ऑपरेटिंग स्टाफ ने करीब 30 मिनट तक विरोध प्रदर्शन किया, जिससे स्टेशन पर तनाव का माहौल बन गया।
GRP में दर्ज हुई FIR
घटना के बाद जीआरपी थाना आगरा कैंट में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और रेलवे प्रशासन दोनों स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।






