पिंजौर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, कार और कैंटर से टकराई; ट्रैफिक सिग्नल भी टूटा – Video

पिंजौर : पिंजौर-जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर गुरुवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। मल्लाह मोड़ टी-प्वाइंट के पास हुई इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो ने पहले एक होंडा कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सामने खड़े कैंटर से जा भिड़ी, जबकि स्कॉर्पियो ट्रैफिक सिग्नल के खंभे से टकरा गई। हादसे की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारों को गंभीर क्षति पहुंची और ट्रैफिक सिग्नल भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
रेड लाइट पर खड़ा था कैंटर
कैंटर चालक संजीव कुमार ने बताया कि वह मल्लाह मोड़ पर रेड लाइट होने के कारण अपने वाहन के साथ रुके हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आई स्कॉर्पियो ने होंडा कार को टक्कर मार दी, जिससे कार फिसलकर उनके कैंटर से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो चालक कथित रूप से नशे की हालत में वाहन चला रहा था और तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हालांकि चालक के नशे में होने की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। हादसे में होंडा कार चालक को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Haryana News Today : हरियाणा की आज की 10 बड़ी खबरें | 23 जुलाई 2026







