चंडीगढ़ नगर निगम में 276 पदों पर होगी सीधी भर्ती, क्लर्क-फायरमैन समेत कई नौकरियों को मिली मंजूरी

Chandigarh MC Recruitment 2026: चंडीगढ़ नगर निगम (Municipal Corporation) में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। नगर निगम को 276 पदों पर सीधी भर्ती करने की मंजूरी मिल गई है। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने भर्ती प्रस्ताव को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। अब नगर निगम भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए एजेंसी का चयन करेगा और इसके बाद आधिकारिक भर्ती नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया आरक्षण नियमों के अनुसार पूरी की जाए और इसके लिए किसी प्रतिष्ठित सरकारी एजेंसी की सेवाएं ली जाएं।
सबसे ज्यादा भर्ती क्लर्क और फायरमैन के पदों पर
चंडीगढ़ नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक 118 क्लर्क नियुक्त किए जाएंगे। इसके अलावा 79 फायरमैन, 33 ड्राइवर, 20 जूनियर इंजीनियर, 3 सब-डिविजनल इंजीनियर, 5 एनफोर्समेंट सब-इंस्पेक्टर, 4 स्टेनो टाइपिस्ट, 4 ड्राफ्ट्समैन, 3 मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर और 1 अकाउंटेंट के पद भी भरे जाएंगे।
इन पदों पर होगी भर्ती
| पद | रिक्तियां |
|---|---|
| क्लर्क | 118 |
| फायरमैन | 79 |
| ड्राइवर | 33 |
| जूनियर इंजीनियर (पब्लिक हेल्थ, सिविल, इलेक्ट्रिकल) | 20 |
| सब-डिविजनल इंजीनियर | 3 |
| एनफोर्समेंट सब-इंस्पेक्टर | 5 |
| ड्राफ्ट्समैन | 4 |
| स्टेनो टाइपिस्ट | 4 |
| मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर | 3 |
| अकाउंटेंट | 1 |
नगर निगम में 60% से ज्यादा पद खाली
नगर निगम के हाल ही में पारित बजट दस्तावेजों के अनुसार निगम में कर्मचारियों की भारी कमी है। कुल 5,611 स्वीकृत पदों में से 3,767 पद अभी भी रिक्त हैं। यानी नगर निगम के 60 प्रतिशत से अधिक पद खाली पड़े हैं।
इंजीनियरिंग, फायर, मेडिकल ऑफिस ऑफ हेल्थ (MOH) और डायरेक्टरेट सहित लगभग सभी विभागों में कर्मचारियों की कमी के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है।
2021 के बाद पहली बड़ी भर्ती
नगर निगम ने वर्ष 2021 में करीब 170 स्थायी पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। उस भर्ती को पूरा होने में एक वर्ष से अधिक समय लगा था। इसके बाद नियमित नियुक्तियां नहीं होने से निगम को कई विभागों में संविदा कर्मचारियों के सहारे काम चलाना पड़ रहा है।
भर्ती से सुधरेगी नागरिक सेवाएं
अधिकारियों का कहना है कि नई भर्ती से नगर निगम के विभिन्न विभागों को पर्याप्त स्टाफ मिलेगा। इससे शहर में सफाई व्यवस्था, फायर सर्विस, इंजीनियरिंग कार्यों और प्रशासनिक सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी। साथ ही अस्थायी कर्मचारियों पर निर्भरता भी कम होगी।
नगर निगम अब भर्ती एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके बाद विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।







