पानीपत में SIR फॉर्म जमा करने का आज आखिरी दिन, रात 12 बजे तक चलेगी प्रक्रिया; ADC अंकित चौकसे की अपील

पानीपत | रिपोर्ट: प्रवीण भारद्वाज : मतदाता सूची से जुड़े SIR (Special Intensive Revision) अभियान के तहत फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि आज है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पात्र मतदाता रात 12 बजे तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
पानीपत के अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने बताया कि जिले में कुल 9 लाख 12 हजार मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक लगभग 78 हजार SIR फॉर्म प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा ऐसे मतदाताओं का रिकॉर्ड भी एकत्र किया गया है जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि अंतिम दिन तक सभी सूचनाओं और फॉर्म का संकलन पूरा कर लिया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
फॉर्म जमा नहीं किया तो आज ही करें संपर्क
अतिरिक्त उपायुक्त ने उन सभी मतदाताओं से अपील की है जिन्होंने अभी तक अपना SIR फॉर्म जमा नहीं कराया है कि वे बिना देर किए अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास जाकर फॉर्म जमा करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को फॉर्म भरने या जमा करने में कोई परेशानी आती है, तो प्रशासन ने अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की है। जरूरत पड़ने पर मतदाता उनसे सहायता लेकर अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।






