5 नवंबर को करनाल आएंगे अमित शाह, CM सैनी-मनोहर लाल भी होंगे शामिल; BJP ने तेज की तैयारियां

करनाल, 25 अक्टूबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को करनाल में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। वह सुबह 10 बजे करनाल पहुंचेंगे। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
अर्चना गुप्ता ने संभाला तैयारियों का मोर्चा
पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता रविवार शाम करनाल पहुंचीं। उन्होंने भाजपा कार्यालय कर्ण कमल में जिला कोर ग्रुप और संगठन के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इसके बाद सेक्टर-12 स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला कोर ग्रुप की बैठक में जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, जिला प्रभारी जवाहर यादव, विधायक जगमोहन आनंद, विधायक रामकुमार कश्यप और विधायक योगेन्द्र राणा सहित अन्य नेता मौजूद रहे। बैठक में पदयात्रा के रूट, कार्यकर्ताओं को निमंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएंगी जिम्मेदारियां
डॉ. अर्चना गुप्ता ने करनाल विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े दायित्वों को समय पर पूरा करने और संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा विपक्षी दलों के कथित भ्रामक प्रचार के जवाब में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत करनाल लोकसभा क्षेत्र में पदयात्रा आयोजित की जा रही है, जिसमें अमित शाह शामिल होंगे।
सेक्टर-12 में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
बैठकों के बाद डॉ. अर्चना गुप्ता ने सेक्टर-12 स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचकर प्रस्तावित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अमित शाह के दौरे और पदयात्रा को लेकर भाजपा संगठन तैयारियों में जुटा है।







