Punjab Congress में रार पर Bhupesh Baghel का बड़ा बयान, बोले- ‘प्रधान बदलना गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं’

नई दिल्ली | 15 जुलाई : पंजाब कांग्रेस में जारी राजनीतिक हलचल के बीच पार्टी के प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बदलना कोई “गुड्डा-गुड्डी का खेल” नहीं है। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि फिलहाल प्रदेश नेतृत्व में बदलाव का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पंजाब कांग्रेस में बढ़ते विवाद के बीच पार्टी नेतृत्व ने भूपेश बघेल को मंगलवार देर रात रायपुर से तत्काल दिल्ली बुलाया। बताया जा रहा है कि उन्होंने बुधवार सुबह आने का अनुरोध किया था, लेकिन पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर उन्हें उसी रात दिल्ली पहुंचना पड़ा।
दिल्ली में बैठकों का दौर तेज
दिल्ली पहुंचने के बाद बुधवार सुबह भूपेश बघेल ने कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात की। इसी दौरान पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे और वेणुगोपाल से चर्चा की। करीब आधे घंटे तक चली बैठक में पंजाब कांग्रेस के मौजूदा राजनीतिक हालात और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं की राहुल गांधी से भी मुलाकात प्रस्तावित रही।
नेतृत्व परिवर्तन पर अटकलें तेज
पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ समय से संगठनात्मक बदलाव और नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, भूपेश बघेल के ताजा बयान से यह संकेत मिला है कि फिलहाल पार्टी नेतृत्व जल्दबाजी में कोई फैसला लेने के पक्ष में नहीं है। कांग्रेस हाईकमान की लगातार बैठकों को पंजाब इकाई में चल रहे मतभेदों को सुलझाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।






