CrimeHaryana News

गुरुग्राम में बेटे के सामने पिता की हत्या, CCTV में कैद वारदात; गोली की आवाज के 6 सेकेंड बाद सड़क पर गिरे

गुरुग्राम। शहर में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस वक्त हुई जब 40 वर्षीय महेंद्र अपने बेटे साहिल के साथ बाइक पर जा रहे थे। आरोप है कि पीछे से आए तीन युवकों ने उनका पीछा कर रास्ते में बाइक रुकवाई और महेंद्र को गोली मार दी।

पूरी घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है। फुटेज में पिता-पुत्र बाइक से जाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई देती है। करीब 6 सेकेंड बाद बाइक चला रहे महेंद्र सड़क पर गिरते दिखाई देते हैं। पीछे बैठे उनके बेटे ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की।

अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महेंद्र को तत्काल सेक्टर-10 सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पीछे से आए थे तीन हमलावर

मृतक के बेटे साहिल के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने पिता के साथ काम पर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर तीन युवक आए और उन्हें रोक लिया। साहिल का आरोप है कि एक युवक ने पिस्टल निकालकर उसके पिता को गोली मार दी। इसके बाद तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए। साहिल ने पुलिस को बताया कि हमलावरों का निशाना कथित तौर पर वह खुद था, लेकिन गोली उसके पिता महेंद्र को लग गई।

पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। परिवार की ओर से भी रंजिश की बात कही गई है। साहिल के अनुसार, जनवरी 2025 से कुछ युवकों के साथ उनका विवाद चल रहा था। उसने देव, बंटी और एक अन्य युवक पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। इनमें से एक युवक के चेहरे पर कपड़ा होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इन आरोपों की जांच कर रही है और CCTV फुटेज समेत दूसरे साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

बेटे के पुराने मर्डर केस से भी कनेक्शन तलाश रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल पहले जनवरी 2025 में बडी नाम के एक किशोर की हत्या हुई थी। उसका शव द्वारका के पास मिला था। इस मामले में महेंद्र का दूसरा बेटा प्रियांशु आरोपी है और जेल में बंद बताया गया है। परिवार की ओर से आशंका जताई गई है कि बडी से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर बदला लेने के लिए महेंद्र के परिवार को निशाना बनाया। हालांकि, इस दावे की पुलिस जांच कर रही है।

 पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान का दावा किया

डीसीपी वेस्ट YVR शशि शेखर के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। सेक्टर-9 थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीमें भी आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। डीसीपी के अनुसार शुरुआती जांच में मामला रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस महेंद्र के बेटे प्रियांशु से जुड़े पुराने हत्या मामले और वर्तमान वारदात के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
🔴 LIVE
Facebook Page