Haryana News: करनाल के असंध में एनकाउंटर से मचा हड़कंप, पुलिस की गोली से वांटेड आरोपी घायल; CIA ने दबोचा

Haryana News: हरियाणा के करनाल जिले के असंध में उस समय हड़कंप मच गया, जब वांटेड आरोपी और CIA टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे करनाल स्थित कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, असंध CIA टीम को सूचना मिली थी कि हिसार निवासी संदीप जबाला उपलाना रोड के आसपास मौजूद है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ स्नैचिंग से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। सूचना मिलते ही CIA टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में कार्रवाई शुरू की।
पुलिस का दावा है कि टीम ने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे काबू कर लिया।

अस्पताल में चल रहा इलाज
मुठभेड़ में घायल आरोपी को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे करनाल के कल्पना चावला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
कई टीमें जांच में जुटीं
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की अन्य टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने इलाके में जांच शुरू कर दी और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि मुठभेड़ किन परिस्थितियों में हुई। मामले में पुलिस की जांच आगे जारी है।







