LPG सिलेंडर को लेकर मचा हड़कंप, बुकिंग में देरी से बढ़ी चिंता; CM नायब सैनी ने बुलाई आपात बैठक
मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच गैस सप्लाई पर अफवाहों से बढ़ी एडवांस बुकिंग, सरकार ने कहा– घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

LPG Cylinder News : हाल के दिनों में कई शहरों में LPG गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती दिखाई दे रही है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और कई उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग के दौरान भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ जगहों पर कमर्शियल गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहे, जिसके कारण होटल और छोटे व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं।
मिडिल ईस्ट तनाव का असर और बढ़ी एडवांस बुकिंग
गैस एजेंसियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, खासकर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण लोगों में आशंका बढ़ गई है। इसके चलते कई उपभोक्ता पहले से ज्यादा सिलेंडर बुक करने लगे हैं। पहले जहां एक गैस एजेंसी में रोजाना लगभग 300 से 400 सिलेंडर की बुकिंग होती थी, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 800 तक पहुंच गई है। इस अचानक बढ़ी मांग के कारण बुकिंग का अंतराल भी बढ़ा दिया गया है और कई जगह 25 दिनों के बाद ही नई बुकिंग संभव हो पा रही है। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद उपभोक्ताओं की मांग में कमी नहीं आई है, क्योंकि लोग एहतियात के तौर पर अतिरिक्त LPG सिलेंडर रखना चाहते हैं।
Watch Video
कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई में ज्यादा दिक्कत
गैस एजेंसियों का कहना है कि फिलहाल सबसे ज्यादा समस्या कमर्शियल LPG सिलेंडर की आपूर्ति में आ रही है। होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों को सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है, जिससे उनकी दिक्कतें बढ़ गई हैं। हालांकि एजेंसियों का दावा है कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।
सरकार ने कहा – घरेलू गैस सप्लाई पूरी तरह सामान्य
इन परिस्थितियों के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध जैसे हालात के कारण LPG सप्लाई बाधित होने की अफवाहों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
केंद्र सरकार ने भी जारी किए दिशा-निर्देश
अधिकारियों के अनुसार Ministry of Petroleum and Natural Gas द्वारा 9 मार्च को जारी आदेश में घरेलू LPG की पर्याप्त आपूर्ति और समान वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में प्राथमिकता शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को दी जा रही है, जबकि बाकी जरूरतों को पूरा करने के लिए ऑयल कंपनियां लगातार प्रयास कर रही हैं।
कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निर्देश
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि घरेलू LPG की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी रहेगी। किसी भी तरह की कालाबाजारी या अवैध भंडारण को रोकने के लिए राज्य के सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।
अफवाहों से बढ़ती है बाजार में अस्थिरता
जब भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध या तनाव की स्थिति बनती है, तो ईंधन और ऊर्जा से जुड़ी वस्तुओं को लेकर लोगों में अनिश्चितता बढ़ जाती है। ऐसे समय में अफवाहें तेजी से फैलती हैं, जिससे बाजार में मांग अचानक बढ़ जाती है और आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बनता है।
यह भी पढ़ें : – पंचकूला सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, मरीजों से ली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी
यह भी पढ़ें : – केदारनाथ-बदरीनाथ मंदिरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक, चारधाम यात्रा 2026 से पहले बड़ा फैसला






