समाना में 18 महीने बाद खत्म हुआ धर्म युद्ध मोर्चा, 400 फीट टावर से सुरक्षित उतरे गुरजीत सिंह खालसा


समाना/पटियाला : करीब डेढ़ साल से समाना में चल रहा धर्म युद्ध मोर्चा अब समाप्त हो गया है। मोर्चे का नेतृत्व कर रहे गुरजीत सिंह खालसा को 400 फीट ऊंचे टावर से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। वे पिछले 18 महीनों से बेअदबी के मामलों में सख्त कानून की मांग को लेकर टावर पर डटे हुए थे। जानकारी के मुताबिक, पंजाब सरकार द्वारा ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट 2026’ लागू किए जाने के बाद गुरजीत सिंह खालसा ने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। यह कानून लंबे समय से चल रही मांगों को ध्यान में रखते हुए लाया गया है।
पूरी रात चला रेस्क्यू ऑपरेशन
गुरजीत सिंह खालसा को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए जिला प्रशासन, पंजाब पुलिस और फायर ब्रिगेड विभाग ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। यह ऑपरेशन पूरी रात जारी रहा, जिसमें अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ इस चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस अभियान में पटियाला के डिप्टी कमिश्नर, एसएसपी और फायर ब्रिगेड के वरिष्ठ अधिकारियों ने मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी विभागों के तालमेल के चलते बिना किसी नुकसान के गुरजीत सिंह खालसा को नीचे उतारा जा सका।
टावर से उतरने के बाद क्या बोले खालसा
टावर से नीचे आने के बाद गुरजीत सिंह खालसा ने पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उनकी मांगों को ध्यान में रखते हुए कानून लागू किया गया, जिससे उन्हें अपना आंदोलन समाप्त करने का आधार मिला।
आप नेता बलतेज पन्नू का बयान
आम आदमी पार्टी पंजाब के महासचिव और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने बताया कि यह आंदोलन बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून की मांग को लेकर लंबे समय से चल रहा था। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड के संयुक्त प्रयास से यह ऑपरेशन सफल रहा।
धर्म युद्ध मोर्चा की शुरुआत बेअदबी की घटनाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर हुई थी। गुरजीत सिंह खालसा ने अपनी मांगों को लेकर टावर पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया था, जो 18 महीने तक जारी रहा।







