17 जुलाई को Chandigarh जा रहे हैं? पहले जान लें कौन-कौन से रास्ते रहेंगे प्रभावित, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की बड़ी एडवाइजरी

चंडीगढ़। अगर आप 17 जुलाई को चंडीगढ़ आने या शहर के भीतर सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। प्रस्तावित VVIP मूवमेंट को देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी (Chandigarh Traffic Advisory) जारी की है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि कुछ स्थानों पर वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा से पहले वैकल्पिक रूट की जानकारी जरूर लें।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक का असर
जारी एडवाइजरी (Chandigarh Traffic Advisory) के अनुसार चंडीगढ़-नयागांव बैरियर से लेकर पीईसी (PEC) लाइट प्वाइंट और सेक्टर-2/3/10-11 चौक तक VVIP मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। यह विशेष व्यवस्था 17 जुलाई को दोपहर 3 बजे तक लागू रहेगी। इसके अलावा सुरक्षा कारणों से आवश्यकता पड़ने पर शहर के अन्य मार्गों पर भी ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।
यात्रा से पहले करें पूरी प्लानिंग
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे संभावित जाम से बचने के लिए पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं। साथ ही, ट्रैफिक से जुड़े ताजा अपडेट के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस (Chandigarh Traffic Police) के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए रखें। कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों, अधिकारियों और आमंत्रितों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
एडवाइजरी (Chandigarh Traffic Advisory) में साफ किया गया है कि साइकिल ट्रैक, पैदल मार्ग और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों का चालान करने के साथ जरूरत पड़ने पर उन्हें टो करके भी हटाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगाए गए ये प्रतिबंध पूरी तरह जनहित में हैं और नागरिकों के सहयोग से ही व्यवस्था को सुचारु रखा जा सकता है।







