पंजाब के स्कूलों में अब बच्चों को पढ़ाया जाए नशे का नुकसान? विक्की मिद्दूखेड़ा फाउंडेशन ने सरकार को दिया बड़ा प्रस्ताव

चंडीगढ़, 23 नवंबर। पंजाब में नशे के बढ़ते खतरे से अगली पीढ़ी को बचाने के लिए अब स्कूलों से ही जागरूकता की मुहिम शुरू करने की तैयारी है। विक्की मिद्दूखेड़ा फाउंडेशन ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित करने के उद्देश्य से एक विशेष शैक्षणिक पुस्तिका तैयार की है। फाउंडेशन चाहता है कि छठी कक्षा से ही विद्यार्थियों को नशे के खतरों की जानकारी पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाकर दी जाए।
सोमवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फाउंडेशन की इस पहल के तहत तैयार की गई पुस्तिका ‘चढ़दीकला पंजाब – Say No to Drugs, Say Yes to Life’ का अनावरण किया गया।
शिक्षा मंत्री के सामने रखा गया पाठ्यक्रम में बदलाव का प्रस्ताव
फाउंडेशन की ओर से अजयपाल मिद्दूखेड़ा ने बताया कि पंजाब विधानसभा के स्पीकर और शिक्षा मंत्री को प्रस्ताव भेजकर मांग की गई है कि छठी कक्षा के पाठ्यक्रम में नशे के मानव शरीर और मस्तिष्क पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से संबंधित अनिवार्य अध्याय जोड़ा जाए।
इस प्रस्ताव में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड और एससीईआरटी को पुस्तिका की शैक्षणिक समीक्षा करने तथा उपयुक्त सामग्री को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करने की जिम्मेदारी देने का सुझाव भी दिया गया है।
कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों के लिए तैयार हुई विशेष पुस्तिका
फाउंडेशन ने यह पुस्तिका छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर तैयार की है। इसमें नशे के अलग-अलग प्रकार और उनसे होने वाले शारीरिक व मानसिक नुकसान को आसान भाषा में समझाने का प्रयास किया गया है।
पुस्तिका में तंबाकू, शराब, गांजा, हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों के अलावा दवाओं के गलत इस्तेमाल से होने वाले खतरों की जानकारी भी दी गई है।
इसमें बताया गया है कि नशे की लत मस्तिष्क के साथ-साथ हृदय, फेफड़ों, लिवर और किडनी जैसे महत्वपूर्ण अंगों को प्रभावित कर सकती है। इसके अलावा पढ़ाई, मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को भी समझाया गया है।
बच्चों को सिखाया जाएगा नशे के लिए ‘ना’ कहना

इसके लिए प्रश्नोत्तरी, कक्षा में गतिविधियां, पोस्टर प्रतियोगिताएं, शिक्षकों के लिए मार्गदर्शन और अभिभावकों के लिए विशेष संदेश शामिल किए गए हैं। विद्यार्थियों को नशामुक्त पंजाब के निर्माण की शपथ दिलाने का सुझाव भी दिया गया है।
पंजाबी, हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध कराने की योजना
फाउंडेशन ने पुस्तिका को पंजाबी, हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा है, ताकि सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।
इसके साथ ही शिक्षकों के प्रशिक्षण, नियमित जागरूकता कार्यक्रमों और स्कूलों में नशा विरोधी गतिविधियों के आयोजन की सिफारिश की गई है।







