Breaking NewsCrimeHaryana NewsLatest NewsTop Stories

दिल्ली ब्लास्ट के बाद हरियाणा हाई अलर्ट पर: छुट्टियां रद्द, बॉर्डर सील, एक करोड़ कैश बरामद!

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत के बाद हरियाणा में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। राज्य में हाई अलर्ट जारी करते हुए सभी जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खासतौर पर गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर और सोनीपत में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

सोमवार रात से ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मॉल, मेट्रो स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यह अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। हरियाणा सरकार ने एहतियातन पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि जिले से बाहर जाने से पहले परमिशन लें।

डीजीपी बोले – ‘सतर्क रहें, संदिग्ध दिखे तो तुरंत डायल 112’

हरियाणा के डीजीपी ओ.पी. सिंह ने X (ट्विटर) पर लिखा,दिल्ली की घटना को लेकर हरियाणा हाई अलर्ट पर है। लोग शांत रहें, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत 112 पर दें।

उन्होंने बताया कि सभी इंटर-स्टेट बॉर्डर पर वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट, होटल, पार्किंग एरिया और धर्मशालाओं में भी पुलिस की विशेष टीमों को तैनात किया गया है।

गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर उतरे सड़कों पर, शहर की सीमाएं लगभग सील

दिल्ली से सटे गुरुग्राम में पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा खुद देर रात तक सड़कों पर निकले। उन्होंने सभी प्रमुख चौराहों, बॉर्डर एरिया और मॉल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

डॉग स्क्वॉड की मदद से दिल्ली, रेवाड़ी, झज्जर और फरीदाबाद की ओर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं।

फरीदाबाद में कमिश्नर सतेंद्र गुप्ता ने कहा —किसी भी संदिग्ध को बख्शा नहीं जाएगा। लोगों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर भी सख्त चेकिंग

हिसार के महाराजा अग्रेसन एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब टर्मिनल से पहले ही यात्रियों की जांच और पूछताछ की जाएगी। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों ने ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के सामान की गहन जांच की है।

रोहतक में दिल्ली नंबर कार से ₹1 करोड़ कैश बरामद

ब्लास्ट के बाद पूरे प्रदेश में चेकिंग के दौरान हरियाणा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रोहतक में दिल्ली नंबर की टैक्सी से ₹1 करोड़ कैश बरामद हुआ है।

कार में सवार चार युवक (3 दिल्ली, 1 रोहतक निवासी) कैश के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया है और रकम के स्रोत की जांच जारी है। सूत्रों के मुताबिक कैश 500-500 रुपये की गड्डियों में एक पिट्ठू बैग में छिपाया गया था।

लोगों से अपील – अफवाहों से दूर रहें, सतर्क रहें

राज्य पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें।

Author

  • अमर सिंह | 19 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव | Total TV एवं MH One News के पूर्व वीडियो जर्नलिस्ट | Hindxpress Media House के संस्थापक | Rashtr Khabar डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म के संस्थापक एवं एडिटर-इन-चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page