अमृतसर में पुलिस का बड़ा एनकाउंटर, ग्रेनेड हमले का आरोपी हरमन घायल; साथी फरार

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर देहात में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मत्तेवाल इलाके में पुलिस नाके के पास हुई फायरिंग में गुरदासपुर ग्रेनेड हमले के मामले में आरोपी बताए जा रहे हरमन सिंह उर्फ हरमन की टांग में गोली लगी।
पुलिस के मुताबिक हरमन बाइक पर अपने एक साथी के साथ जा रहा था। नाके पर पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की। पीछा किए जाने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान हरमन घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
नाके से भागने की कोशिश, पीछा करने पर फायरिंग
अमृतसर देहात के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल के अनुसार हरमनजीत सिंह उर्फ हरमन अमृतसर देहात के गांव बोपाराय का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक मत्तेवाल के पास नाके के दौरान हरमन बाइक से अपने साथी के साथ गुजर रहा था। पुलिस को देखकर उसने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने पुलिस पर करीब तीन राउंड फायर किए।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें हरमन की टांग में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

साथी पुलिस को चकमा देकर फरार
मुठभेड़ के दौरान हरमन के साथ बाइक पर मौजूद उसका साथी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले में फरार आरोपी की पहचान और उसकी भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
गुरदासपुर ग्रेनेड हमले से जुड़ा नाम
पुलिस जांच के मुताबिक हरमन सिंह के खिलाफ अमृतसर और गुरदासपुर में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इसी साल गुरदासपुर में एक दुकान पर ग्रेनेड फेंकने के मामले में भी हरमन का नाम सामने आया था। पुलिस इस मामले में उसकी कथित भूमिका और अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
2024 में मोबाइल लूट का केस दर्ज
पुलिस के अनुसार हरमन के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। इनमें थाना मेहता में वर्ष 2024 का मोबाइल लूट का मामला शामिल है।
इसके अलावा इसी साल मत्तेवाल इलाके में एक व्यक्ति पर गोली चलाने के आरोप में भी उसके खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।







