Breaking NewsPunjab

पंजाब में भाखड़ा नहर पर पुल टूटा, दो ट्रक हवा में लटके; एक में लगी आग

पटियाला। पंजाब में पटियाला-संगरूर नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। समाना हलके के गांव पसियाणा के पास भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक टूट गया। हादसे के समय पुल से दो ट्रक गुजर रहे थे। पुल का हिस्सा ढहते ही दोनों ट्रक नीचे की ओर धंस गए और नहर के ऊपर बने टूटे हुए हिस्से में लटक गए। इनमें से एक ट्रक में आग भी लग गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन की टीमें और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद एक ट्रक में लगी आग पर काबू पाया।

नहर का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा

पुल टूटने के बाद भाखड़ा नहर का पानी भी क्षतिग्रस्त हिस्से के ऊपर से बहने लगा। हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी और वाहनों की आवाजाही रोक दी। दूसरी तरफ बने पुल से ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों ट्रक पुल के अंतिम हिस्से की ओर पहुंच रहे थे, तभी अचानक पुल ने भार सहना बंद कर दिया और उसका हिस्सा टूट गया। हादसे के समय ट्रकों में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल पाई।

 

पिछले साल पुल में आई थीं दरारें

इस हादसे ने पुल की मजबूती और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले साल पुल में दरारें दिखाई दी थीं, जिसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से इसकी मरम्मत करवाई गई थी।

बताया जा रहा है कि पुल की लंबाई करीब 100 से 150 फीट थी। स्थानीय लोगों का दावा है कि पुल पहले से ही जर्जर हालत में था और इसकी स्थिति को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायतें भी दी गई थीं।

हालांकि, इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई और पुल की पिछली मरम्मत कब करवाई गई थी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

प्रशासन की टीमें मौके पर, बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया और ट्रैफिक को दूसरे पुल की तरफ मोड़ दिया गया।

फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी होने की जानकारी है। शुरुआती रिपोर्टों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी, लेकिन हादसे में किसी की मौत या घायल होने की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

 

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page