Breaking NewsHaryana News

दागी पर मेहरबानी! पदोन्नति रोकने के लिए मुख्यमंत्री को शिकायत

पंचकूला/गुरुग्राम: हरियाणा में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के दावों के बीच अग्निशमन विभाग से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पहले से भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों और विजिलेंस की एफआईआर का सामना कर रहे सहायक मंडल अग्निशमन अधिकारी (एडीएफओ) सज्जन कुमार के खिलाफ मुख्यमंत्री नायब सैनी को शिकायत भेजी गई है। शिकायतकर्ता गुरुग्राम निवासी कपिल ने कहा कि सज्जन कुमार को सरकार की ओर से न केवल महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है बल्कि अब उन्हें पदोन्नति देने की तैयारी की जा रही है। जबकि सरकार ने गत दिनों विजिलेंस के दागी अफसरों और कर्मचारियों को अहम पदों पर तैनाती नहीं करने के आदेश दिए थे। बताया गया कि सज्जन कुमार के खिलाफ स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो गुरुग्राम थाने में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें  शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि फायर एनओसी जारी करने की एवज में फायर ऑफिसर सज्जन द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।

तकनीकी जिम्मेदारी देने पर सवाल

शिकायतकर्ता ने सज्जन कुमार को हरियाणा के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा निदेशालय में दी गई नियुक्ति को लेकर सवाल खड़े किए हैं। शिकायत में कहा कि गंभीर आरोपों के बावजूद हरियाणा सरकार ने जनवरी 2025 में उन्हें बहाल कर दिया। इसके बाद उनकी नियुक्ति झज्जर में एडीएफओ के पद पर की गई। साथ ही 6 अक्टूबर 2025 के आदेश के तहत उन्हें रोहतक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया। मामले में सबसे अहम सवाल मार्च 2026 में जारी आदेश को लेकर उठाया गया है। शिकायत के मुताबिक, 6 मार्च 2026 को जारी आदेश के तहत सज्जन कुमार को सप्ताह में तीन दिन पंचकूला स्थित अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा निदेशालय में तकनीकी कार्य देखने की जिम्मेदारी दी गई।

 

शिकायतकर्ता का कहना है कि निदेशालय में फायर सेफ्टी क्लीयरेंस, तकनीकी मंजूरियों और नीतिगत फैसलों से जुड़े महत्वपूर्ण काम होते हैं। ऐसे में भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई का सामना कर चुके अधिकारी को इस तरह की संवेदनशील जिम्मेदारी देना प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। फायर एनओसी सीधे तौर पर इमारतों, सोसायटियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा से जुड़ी होती है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी तरह की अनियमितता लोगों की जान के लिए खतरा बन सकती है। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सज्जन कुमार को पंचकूला निदेशालय में दी गई जिम्मेदारी की तत्काल समीक्षा कर इसे रद्द किया जाए। साथ ही उनकी बहाली और उसके बाद की गई नियुक्तियों की विभागीय जांच कराई जाए।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page