Punjab

₹257.32 करोड़ की जालंधर-होशियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी, केंद्र से जल्द मंजूरी की उम्मीद

Punjab News: पंजाब में लंबे समय से अटकी जालंधर-होशियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-3) परियोजना को दोबारा गति मिलने की संभावना बढ़ गई है। राज्य सरकार ने परियोजना के शेष हिस्से के निर्माण के लिए ₹257.32 करोड़ का विस्तृत अनुमान (Detailed Estimate) तैयार कर केंद्र सरकार को स्वीकृति के लिए भेज दिया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद वर्षों से रुका निर्माण कार्य फिर से शुरू हो सकेगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग के किलोमीटर 11.400 से 29.200 तक शेष चार लेन सड़क और पक्के शोल्डर के निर्माण का प्रस्ताव राष्ट्रीय राजमार्ग सर्किल, अमृतसर द्वारा तैयार किया गया है। इसे पंजाब सरकार ने औपचारिक स्वीकृति के बाद केंद्र सरकार के पास भेज दिया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बढ़ी प्रक्रिया

आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं आदमपुर हलका प्रभारी पवन टीनू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार के समक्ष इसका मुद्दा उठाया था। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के दौरान परियोजना को जल्द मंजूरी देने और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद विस्तृत परियोजना अनुमान तैयार कर केंद्र को भेज दिया गया है और अब उम्मीद है कि मंजूरी मिलने में अधिक समय नहीं लगेगा।

परियोजना पूरी होने से क्या होगा फायदा?

पवन टीनू के अनुसार इस राष्ट्रीय राजमार्ग के विकसित होने से जालंधर, आदमपुर और होशियारपुर के बीच यात्रा अधिक सुरक्षित और तेज होगी। सड़क अवसंरचना मजबूत होने से औद्योगिक निवेश, व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। साथ ही रोजाना इस मार्ग का उपयोग करने वाले हजारों लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

कई वर्षों से रुका हुआ है निर्माण कार्य

आदमपुर फ्लाईओवर परियोजना का निर्माण वर्ष 2016 में शुरू हुआ था, लेकिन 2020 में काम पूरी तरह ठप हो गया। इसके बाद निर्माण सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी और प्रशासनिक कारणों से परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। बाद में भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवाद और कथित अनियमितताओं के चलते 29 जुलाई 2025 को निर्माण कार्य पूरी तरह रोक दिया गया। पवन टीनू ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों की उदासीनता के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना वर्षों तक अधूरी रही, जिससे क्षेत्र के लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ी।

केंद्र सरकार से जल्द मंजूरी की अपील

पवन टीनू ने कहा कि पंजाब सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर चुकी है। अब केंद्र सरकार को बिना किसी देरी के प्रस्ताव को मंजूरी देकर निर्माण कार्य शुरू करना चाहिए, ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन विकास परियोजना को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाना चाहिए।

सामरिक दृष्टि से भी अहम है यह मार्ग

आदमपुर में भारतीय वायुसेना का महत्वपूर्ण एयरबेस और एयरपोर्ट स्थित है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश जाने वाले पर्यटक, धार्मिक यात्री और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में इस हाईवे का निर्माण केवल क्षेत्रीय विकास ही नहीं बल्कि रणनीतिक और राष्ट्रीय महत्व के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

‘धर्म युद्ध मोर्चा’ सिर्फ राजनीतिक ड्रामा, पंजाबियों को गुमराह कर रहे सुखबीर बादल: AAP नेता बलतेज पन्नू

Author

  • अमर सिंह | 19 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव | Total TV एवं MH One News के पूर्व वीडियो जर्नलिस्ट | Hindxpress Media House के संस्थापक | Rashtr Khabar डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म के संस्थापक एवं एडिटर-इन-चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page