Breaking NewsCrimeHaryana News
रिश्वत लेने वाले यूनियन बैंक के पूर्व मैनेजर को 3 साल की जेल, ₹25 हजार जुर्माना

पंचकूला: हरियाणा की विशेष सीबीआई अदालत ने रिश्वतखोरी के मामले में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की करनाल स्थित सेक्टर-6 शाखा के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर नरेश कुमार पासी को तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
सीबीआई के मुताबिक, आरोपी ने शिकायतकर्ता से हाउसिंग लोन की 1.25 लाख रुपये की किस्त जारी करने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 18 दिसंबर 2018 को मामला दर्ज कर उसी दिन जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत मांगते व लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

जांच के बाद सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत आरोपपत्र दाखिल किया। सुनवाई पूरी होने पर अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए तीन साल की जेल और जुर्माने की सजा सुनाई।
रिपोर्ट: उमंग श्योराण | पंचकूला







