नोएडा में छोटे पग को जबड़े में दबोचकर मार डाला, महिला को भी पटका; CCTV वायरल

नोएडा: नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में एक बड़े कुत्ते के हमले में छोटे पग की मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब एक महिला अपने पालतू पग को टहलाने निकली थी। इसी दौरान एक दूसरे कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान महिला भी जमीन पर गिर गई। पूरी घटना सोसाइटी में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है।
अचानक छोटे पग पर झपट पड़ा बड़ा कुत्ता
यह घटना नोएडा के सेक्टर-93 स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय एक व्यक्ति अपने बड़े कुत्ते को टहला रहा था। इसी दौरान वहां एक महिला अपने छोटे पालतू कुत्ते पग के साथ मौजूद थी।
बताया जा रहा है कि बड़े कुत्ते ने अचानक पग पर हमला कर दिया। हमले के दौरान महिला भी गिर पड़ी। इसके बाद बड़े कुत्ते ने पग को अपने जबड़ों में दबोच लिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया।
लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बचा पग
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने छोटे कुत्ते को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमला इतना गंभीर था कि पग की जान नहीं बच सकी। इस घटना के बाद पालतू कुत्ते की मालकिन ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हमला करने वाले कुत्ते के मुंह पर उस समय मजल यानी सुरक्षा कवच नहीं लगा था। घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद सोसाइटी में पालतू कुत्तों की सुरक्षा और उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर घुमाने के नियमों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सोसाइटी के लोगों में डर का माहौल
इस घटना के बाद ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी के निवासियों, खासकर छोटे बच्चों वाले परिवारों में चिंता का माहौल है। लोगों को डर है कि अगर बड़े कुत्तों को बिना जरूरी सुरक्षा उपायों के सार्वजनिक जगहों पर घुमाया गया, तो ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।
नोएडा में कुत्तों के हमलों को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर पालतू जानवरों को नियंत्रित रखने, सुरक्षा नियमों का पालन करने और ऐसी शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई करने की जरूरत को सामने ला दिया है।







