हरियाणा में बड़ा फेरबदल: विपुल गोयल से छीना सिविल एविएशन विभाग, CM नायब सैनी ने खुद संभाली कमान

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार में विभागों के बंटवारे को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल से नागरिक उड्डयन (सिविल एविएशन) विभाग वापस लेकर अपने पास रख लिया है। इस फैसले के बाद राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खास तौर पर हिसार एयरपोर्ट की मौजूदा स्थिति को इस बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
बुधवार देर रात लिए गए इस फैसले की अधिसूचना गुरुवार को जारी की गई। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री की सिफारिश पर विभागों के आवंटन में बदलाव को मंजूरी दे दी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। हालांकि, सरकार की ओर से विभाग वापस लेने के पीछे कोई स्पष्ट कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।
विपुल गोयल के पास अब रहेंगी ये जिम्मेदारियां
सिविल एविएशन विभाग वापस लिए जाने के बावजूद विपुल गोयल मंत्रिमंडल में अपनी अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे। उनके पास राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग बने रहेंगे।
वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब अपने मौजूदा विभागों के साथ नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी देखेंगे। इस तरह विमानन क्षेत्र से जुड़े नीतिगत और प्रशासनिक फैसलों की जिम्मेदारी सीधे मुख्यमंत्री के पास आ गई है।
हरियाणा में प्रॉपर्टी आई.डी. में गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं, सरकार और विजिलेंस की पैनी नजर
हिसार एयरपोर्ट के प्रदर्शन पर उठते रहे हैं सवाल
विभागीय बदलाव के बीच हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। दरअसल, एयरपोर्ट के विकास पर बड़े स्तर पर निवेश होने के बावजूद यहां से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच हिसार एयरपोर्ट से केवल 9,559 यात्रियों ने सफर किया। इस दौरान यहां 474 विमानों की आवाजाही दर्ज की गई। वहीं, एयरपोर्ट के विकास पर करीब 1,457 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
हवाई सेवाओं का सीमित संचालन, यात्रियों की कम संख्या और दिल्ली एयरपोर्ट की नजदीकी जैसे पहलू भी हिसार एयरपोर्ट के सामने चुनौतियों के रूप में देखे जा रहे हैं। इससे पहले विपुल गोयल ने एयरपोर्ट पर यात्री संख्या कम रहने के पीछे शुरुआती परिचालन चरण और कुछ तकनीकी एवं बुनियादी ढांचागत सीमाओं का हवाला दिया था।







