पंजाब सरकार के विरोध के बीच जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने ली शपथ, बने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश

चंडीगढ़: पंजाब सरकार के विरोध के बीच जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने आज पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ ले ली। शपथ ग्रहण समारोह पंजाब गवर्नर हाउस में आयोजित किया गया, जहां पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने जस्टिस मिश्रा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ समारोह में पंजाब और हरियाणा के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में चीफ सेक्रेटरी केपी सिन्हा, हरियाणा के राज्यपाल असीम घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नियुक्ति को लेकर पंजाब सरकार ने जताया था विरोध
जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा की नियुक्ति को लेकर पंजाब सरकार ने पहले ही आपत्ति जताई थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में रविवार को हुई पंजाब कैबिनेट की बैठक में इस नियुक्ति के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया गया था।
सरकार की ओर से मांग की गई थी कि जब तक राज्य सरकार की सहमति नहीं ली जाती, तब तक जस्टिस मिश्रा का शपथ ग्रहण नहीं कराया जाना चाहिए।
विरोध के बावजूद शपथ ग्रहण
पंजाब सरकार की आपत्ति और कैबिनेट के प्रस्ताव के बावजूद आज जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर शपथ ले ली। इसके साथ ही उन्होंने औपचारिक रूप से इस महत्वपूर्ण संवैधानिक पद की जिम्मेदारी संभाल ली है।
अब इस नियुक्ति को लेकर पंजाब सरकार की आगे की रणनीति पर नजर रहेगी। वहीं, हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में जस्टिस मिश्रा के सामने न्यायिक प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय भी रहेंगे।







