Breaking NewsNational

मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन में भीषण धमाका, एक की मौत; 3 की हालत गंभीर – Video

बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को नाला निर्माण के दौरान भूमिगत PNG गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी रोड स्थित साहू चौक पर गैस रिसाव के बाद जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास के करीब एक दर्जन घरों में आग लग गई। एक थार गाड़ी, डाक विभाग की पार्सल वैन और आधा दर्जन से अधिक बाइक आग की चपेट में आकर जल गईं। नाला निर्माण में लगी जेसीबी मशीन भी पूरी तरह जल गई। धमाके की तीव्रता से कई मकानों की दीवारों और एक छत को नुकसान पहुंचा, जबकि एक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के घरों को खाली कराया गया।

जेसीबी से खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई गैस पाइपलाइन

जानकारी के अनुसार, साहू चौक के पास नाला निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन के नीचे बिछी PNG गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और गैस का रिसाव शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक गैस का रिसाव होता रहा।

आरोप है कि गैस रिसाव की सूचना मिलने के बावजूद इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) की क्विक रिस्पांस टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसी बीच गैस में आग लग गई और जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद आग की लपटें आसपास के मकानों और वाहनों तक फैल गईं।

इलाके में मची अफरातफरी, लोग घर छोड़कर भागे

अचानक हुए धमाके से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया।

पुलिस और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।

एसडीएम पूर्वी उत्सव आनंद ने बताया कि नाला निर्माण के दौरान यह घटना हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, PNG गैस पाइपलाइन में रिसाव के कारण हादसा हुआ। प्रशासन की टीमें मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page