Breaking NewsCrimeNational

बलिया में पुलिस मुठभेड़: हत्या के प्रयास का आरोपी गोली लगने से घायल, गिरफ्तार

रिपोर्ट: संजय कुमार तिवारी | स्थान: बलिया, उत्तर प्रदेश | 2 नवंबर 2026 :  उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुबहड़ थाना पुलिस की एक आरोपी से मुठभेड़ हो गई। सोमवार तड़के असलहा बरामदगी के दौरान हुई इस घटना में हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल बलिया पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सत्यपाल उर्फ अश्वनी कुमार (26) पुत्र विशाल पासी, निवासी ग्राम सिहोरी, थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। उसे 2 नवंबर 2026 को दुबहड़ थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ में 28 अक्टूबर की वारदात का जिक्र

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 28 अक्टूबर को चंदवक गांव के बाहर मुकदमे के वादी को जान से मारने की नीयत से गोली मारी थी। इसके बाद वह अपने साथी सचिन और विवेक उर्फ अशोक के साथ मौके से फरार हो गया था।

असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर असलहा बरामद करने के लिए पुलिस टीम उसे लेकर दुबहड़ थाना क्षेत्र के धरनीपुर मोड़ पहुंची थी। इसी दौरान सोमवार सुबह करीब 4:55 बजे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल बलिया पहुंचाया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।

तमंचा और कारतूस बरामद, पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

 

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
🔴 LIVE
Facebook Page