Rohtak Gangwar: ढाबे पर 4 युवकों की हत्या, पुलिस चौकी से 50 कदम दूर फायरिंग

Rohtak Gangwar: हरियाणा के रोहतक में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। खरावड़ गांव के पास दिल्ली रोड स्थित मिलन ढाबे पर पांच हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी। हमलावर स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे। वारदात रात करीब 12:30 – 1: 00 बजे की बताई जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित है। अचानक गोलियां चलने से ढाबे पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए।
स्विफ्ट कार से पहुंचे पांच बदमाश, तीन की मौके पर मौत
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पांच हथियारबंद बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर मिलन ढाबे पर पहुंचे। उस समय कुछ युवक वहां खाना खा रहे थे। हमलावरों ने पहुंचते ही युवकों को निशाना बनाकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
फायरिंग में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चौथा युवक जान बचाने के लिए वहां से भागने लगा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कई मिनट तक हथियार लहराते रहे और फिर कार में बैठकर फरार हो गए।
तीन युवक डीघल गांव के, चौथा बेरी का रहने वाला
इस हत्याकांड में मारे गए चारों युवकों की पहचान रिंकू, विनीत, यश उर्फ गंजू और हिमांशु के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रिंकू, विनीत और गंजू झज्जर जिले के डीघल गांव के निवासी थे, जबकि हिमांशु बेरी क्षेत्र का रहने वाला था।
चार युवकों की एक साथ हत्या के बाद दोनों गांवों और आसपास के क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल है।
भाऊ और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच गैंगवार का शक
पुलिस इस हत्याकांड को संभावित गैंगवार के एंगल से भी जांच रही है। शुरुआती जानकारी में वारदात को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि पुरानी दुश्मनी के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया। जांच में डीघल गांव में पिछले दिनों हुई एक युवक की हत्या से भी इस वारदात के संभावित तार जोड़कर देखे जा रहे हैं। हालांकि, गैंगवार की वजह और हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।







