यमुनानगर में रील बनाने का खौफनाक अंजाम! मालगाड़ी पर चढ़ा 15 साल का किशोर, हाईवोल्टेज करंट से दर्दनाक मौत

यमुनानगर। सोशल मीडिया पर रील बनाने और वीडियो के जरिए लोकप्रिय होने का जुनून एक परिवार की खुशियां छीन ले गया। यमुनानगर के जगाधरी वर्कशॉप क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर केशव की हाईवोल्टेज बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर वीडियो बनवा रहा था। इसी दौरान वह रेलवे की हाईवोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया।
मालगाड़ी के ऊपर वीडियो बनवाने पहुंचा था किशोर
जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर निवासी केशव दसवीं कक्षा का छात्र था। वह अपने फुफेरे भाई के साथ जगाधरी वर्कशॉप के सामने खड़ी मालगाड़ी के पास पहुंचा था। वीडियो बनाने के लिए केशव मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया, जबकि उसका फुफेरा भाई नीचे मौजूद था।
इसी दौरान अचानक हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से जोरदार धमाका हुआ। हादसा इतना भयावह था कि किशोर का शरीर बुरी तरह झुलस गया।
धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा भाई
धमाके की तेज आवाज सुनते ही नीचे खड़ा उसका फुफेरा भाई घबराकर मालगाड़ी की तरफ दौड़ा। वहां उसने केशव को गाड़ी के ऊपर बेसुध पड़ा देखा। उसके शरीर से धुआं निकल रहा था। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
रेलवे पुलिस ने शव कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।







