चंडीगढ़ में एसर EV शोरूम का शुभारंभ, मेयर सौरभ जोशी ने कहा- इलेक्ट्रिक वाहनों से बदलेगा शहर का सफर

चंडीगढ़ | 6 जुलाई 2026 : चंडीगढ़ में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में सोमवार को एक नई पहल हुई। शहर के मेयर सौरभ जोशी ने सेक्टर-22 स्थित एसर ईवी (Acer EV) शोरूम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन न केवल ईंधन पर होने वाले खर्च को कम करेंगे, बल्कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान मेयर ने यह भी कहा कि वह स्वयं जल्द ही इलेक्ट्रिक साइकिल का उपयोग करते नजर आएंगे, ताकि लोगों को पर्यावरण-अनुकूल परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
शोरूम के उद्घाटन समारोह में सीनियर डिप्टी मेयर जसमन सिंह, डिप्टी मेयर सुमन, वार्ड पार्षद दमनप्रीत सिंह, नामित पार्षद उमेश घई, ईबीजी ग्रुप के संस्थापक डॉ. इरफान खान तथा चंडीगढ़ प्रभारी सुरेश गोयल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर बताया गया कि शोरूम में उपलब्ध EV इलेक्ट्रिक मोटरबाइक और स्कूटी आधुनिक तकनीक से लैस हैं, जिनमें बेहतर माइलेज (रेंज), कम परिचालन लागत और आसान रखरखाव जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इन वाहनों का उद्देश्य लोगों को किफायती और टिकाऊ परिवहन का विकल्प उपलब्ध कराना है।
ईबीजी ग्रुप ने बढ़ाया इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर कदम
ईबीजी ग्रुप के संस्थापक डॉ. इरफान खान ने कहा कि समूह वेलनेस इंडस्ट्री के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में भी कार्य कर रहा है और अब भारत में एसर EV मोटरबाइक एवं स्कूटी के माध्यम से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र सेक्टर-22 में यह शोरूम खुलने से चंडीगढ़ के लोगों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों तक पहुंच पहले से अधिक आसान होगी।
ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच मिलेगा बेहतर विकल्प
चंडीगढ़ प्रभारी सुरेश गोयल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण लोग अब इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में यह नया शोरूम ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण EV उत्पादों के साथ बेहतर बिक्री-पश्चात सेवाएं भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि शहरवासी इस पर्यावरण हितैषी पहल को सकारात्मक रूप से अपनाएंगे और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ेगा।






