हरियाणा बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 जारी: 84.67% छात्र हुए पास, बेटियों ने फिर मारी बाजी
चरखी दादरी बना प्रदेश का टॉपर जिला, नूंह सबसे पीछे

HBSE 12th Result : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को 12वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम 2026 घोषित कर दिए। बोर्ड मुख्यालय भिवानी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बोर्ड अध्यक्ष डा. पवन कुमार ने परीक्षा परिणामों की विस्तृत जानकारी साझा की। इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रों से बेहतर परिणाम दर्ज किए हैं।
इतने छात्रों ने हासिल की सफलता
इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 2,42,856 परीक्षार्थियों ने भाग लिया था। इनमें से 2,05,618 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की। प्रदेश का कुल परीक्षा परिणाम 84.67 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर माना जा रहा है।
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार छात्राओं का पास प्रतिशत 87.97 फीसदी रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 81.45 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस तरह बेटियों ने बेटों से 6.52 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन कर अपनी शैक्षणिक क्षमता का दम दिखाया।
चरखी दादरी ने किया शानदार प्रदर्शन
जिला स्तर पर देखें तो चरखी दादरी ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं नूंह जिला सबसे नीचे रहा। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार कई जिलों में इस बार परिणामों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों ने भी दिखाई ताकत
परीक्षा परिणामों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच भी रोचक मुकाबला देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों का पास प्रतिशत 84.98 फीसदी रहा, जबकि शहरी क्षेत्रों का परिणाम 83.91 प्रतिशत दर्ज किया गया। इससे स्पष्ट है कि गांवों के विद्यार्थियों ने भी शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन किया है।
निजी स्कूलों का प्रदर्शन बेहतर
बोर्ड आंकड़ों के अनुसार निजी विद्यालयों का परिणाम 87.94 प्रतिशत रहा, जबकि सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 82.44 फीसदी दर्ज किया गया। हालांकि सरकारी विद्यालयों के परिणामों में भी सुधार के संकेत दिखाई दिए हैं।
शिक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत
विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बेहतर होते परीक्षा परिणाम प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की ओर इशारा करते हैं। छात्राओं का बढ़ता प्रदर्शन सामाजिक बदलाव और शिक्षा के प्रति जागरूकता का बड़ा संकेत माना जा रहा है।






