वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी अतुल द्विवेदी की माता पुष्प लता का निधन

चंडीगढ़। हरियाणा के वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी और परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव अतुल द्विवेदी की माता पुष्प लता द्विवेदी का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। शुक्रवार को चंडीगढ़ में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। वह अपने पीछे दो आई.ए.एस. बेटों और बेटी का भरा पूरा परिवार छोड़ गई है। उनके बड़े बेटे आई.ए.एस. एवं चेयरमैन नई दिल्ली म्यूनिसिपल कारपोरेशन (एन.डी.एम.सी.) मनोज द्विवेदी ने मुखाग्नि दी। धार्मिक स्वभाव वाली पुष्प लता स्वतंत्रता सेनानी परिवार से थी। उनके अंतिम संस्कार पर वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी अमित अग्रवाल, आई.ए.एस. प्रभजोत सिंह और परिवहन मंत्री के वरिष्ठ सचिव विजय शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्वांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं जताई।







