
Delhi Firing News : राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद दिखाई दिए। देर रात केशव चौक के पास एक युवक को बीच सड़क पर रोककर गोलियों से भून दिया गया। वारदात इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
स्कूटी से जा रहे युवक पर किया हमला
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार युवक स्कूटी पर सवार होकर शाहदरा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने बिना किसी बहस के युवक पर लगातार कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अमानुल्लाह कुरैशी के रूप में
मृत युवक की पहचान मौजपुर निवासी अमानुल्लाह कुरैशी के तौर पर हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और आपसी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। परिजनों ने कुछ लोगों पर सीधे तौर पर हत्या का शक जताया है और उनके नाम पुलिस को दिए हैं।
इलाके में बढ़ाई गई चौकसी
हत्या की घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है।जांच एजेंसियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।







