Yamunanagar : पतंगबाजी का विवाद बना खूनी संघर्ष, यमुनानगर में युवक की हत्या

Yamunanagar। हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव भंभौली में पतंग उड़ाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद शनिवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में 35 वर्षीय राजेश कुमार की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
गांव भंभौली निवासी कर्मजीत सिंह के अनुसार, शनिवार दोपहर उनके पिता धर्मपाल खेत में काम कर रहे थे। उसी दौरान पड़ोसी राम कुमार उर्फ रामू का बेटा हिलेश वहां पतंग उड़ा रहा था।
पतंग की डोर बिजली की तारों में फंस गई, जिससे चिंगारी उठने लगी। इस पर धर्मपाल ने हिलेश को डांट दिया। इससे नाराज होकर हिलेश गाली-गलौज करने लगा और अपनी मां जसविंद्र कौर को बुला लिया। मामला बढ़ने पर डायल 112 पर कॉल की गई। पुलिस और सरपंच प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और उस समय विवाद शांत करा दिया गया।
रात में हुआ जानलेवा हमला
हालांकि, विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। शनिवार रात करीब 10:30 बजे, आरोपी राम कुमार गांव की मुख्य गली में खड़ा होकर दोबारा गाली-गलौज करने लगा। इसे देखकर राजेश कुमार ने उसे समझाने की कोशिश की।
इसी दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से राजेश की छाती पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एक ही परिवार के चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






